देवघर
श्रावणी मेले के 13वें दिन मंगलवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में कांवरियों की भारी भीड़ रही. सोमवार की रात करीब 11:15 बजे तक जलार्पण करने के बावजूद समय की कमी के कारण हजारों कांवरिया बाबा पर जलार्पण नहीं कर सके थे. वहीं मंगलवार की सुबह भी कांवरियों की कतार बीएड कॉलेज से आगे बरमसिया की ओर देखी गयी. कतार में बड़ी संख्या में कांवरिये अपनी बारी का इंतजार करते नजर आये.
3:05 बजे खुला पट, 4:15 से आम भक्तों का जलार्पण
हर दिन की तरह मंगलवार को भी बाबा मंदिर का पट अहले सुबह 3:05 बजे खोला गया. इसके बाद बाबा की पारंपरिक पूजा संपन्न करायी गयी. पुजारी राकेश झा ने बाबा की सरदारी पूजा की. पूजा-अर्चना पूरी होने के बाद सुबह 4:15 बजे आम भक्तों के लिए जलार्पण शुरू कराया गया. जलार्पण शुरू होते ही कतार में खड़े कांवरियों की भीड़ तेजी से आगे बढ़ने लगी और धीरे-धीरे कतार सिमटती चली गयी.
कूपन व्यवस्था शुरू होने से भक्तों को राहत
मंगलवार को कूपन व्यवस्था भी शुरू की गयी. इससे भक्तों को काफी राहत मिली. कूपन लेकर आनेवाले श्रद्धालु निर्धारित व्यवस्था के तहत आसानी से मंदिर पहुंचे और महज 15 से 20 मिनट के भीतर बाबा पर जलार्पण कर बाहर निकल गये. कूपन व्यवस्था के कारण भीड़ के बीच भी जलार्पण की प्रक्रिया अपेक्षाकृत सुगम रही. सोमवार को कूपन व्यवस्था बंद रहने के कारण उमड़ी भीड़ के बाद मंगलवार को इसके शुरू होने से श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली.
