Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेले के 21वें दिन बुधवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में कांवरियों की भीड़ लगातार बनी रही. मंदिर का पट खुलने से पहले ही कांवरियों की सामान्य कतार बरमसिया तक पहुंच गयी थी. वहीं बाह्य अरघा से जलार्पण करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी रही. बाह्य अरघा के पास कांवरियों की भीड़ के कारण मंदिर के आसपास की गलियों में कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही.
सुबह 4:14 बजे से शुरू हुआ जलार्पण
हर दिन की तरह बुधवार को भी बाबा मंदिर का पट निर्धारित समय पर खोला गया. इसके बाद बाबा की दैनिक कांचा पूजा एवं जल पूजा संपन्न हुई. इसके बाद सरदारी पूजा शुरू की गयी, जो करीब 40 मिनट तक चली. सरदारी पूजा संपन्न होने के बाद सुबह 4:14 बजे से मंझला खंड में अरघा के माध्यम से जलार्पण शुरू हुआ. जलार्पण शुरू होते ही मुख्य अरघा के साथ बाह्य अरघा पर भी कांवरियों की भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर परिसर में भीड़ के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए बाबा मंदिर से पार्वती मंदिर तक क्यूआरटी की टीम रस्सी लेकर तैनात रही.
2,38,963 कांवरियों ने किया जलार्पण
बाबा मंदिर का पट बंद होने तक कुल 2,38,963 कांवरियों ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया. इनमें मुख्य अरघा से 1,15,857, बाह्य अरघा से 1,08,965 और कूपन व्यवस्था के तहत 14,416 कांवरियों ने जल चढ़ाया.
यह भी पढ़ें : तीसरी कक्षा तक पढ़ा, फिर बना JJMP कमांडर; पुलिस के सामने उगले कई राज, 2009 के बम हमले का भी किया खुलासा
