देवघर से अजय यादव की रिपोर्ट
Shravani Mela 2026, देवघर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को आसनसोल रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) संग्रह मौर्या ने जसीडीह, देवघर और बैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया. उन्होंने स्टेशन परिसर, टिकट काउंटर, यात्री प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, पोर्टिको, न्यू सर्कुलेटिंग एरिया और प्रवेश-निकास द्वारों का जायजा लिया. डीआरएम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मेले के दौरान देवघर आने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए.
बैद्यनाथधाम स्टेशन पर खुलेंगे नए टिकट काउंटर
निरीक्षण के बाद डीआरएम ने बताया कि श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को सुगम यातायात देने के लिए रेलवे मुस्तैद है. बैद्यनाथधाम स्टेशन पर पहले से चल रहे 10 टिकट काउंटरों के अलावा भक्तों की सुविधा के लिए 2 और नए टिकट काउंटर खोले जाएंगे. इसके साथ ही, श्रद्धालुओं के आवागमन को आसान बनाने के लिए 3 नई जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें चलाई जाएंगी. टिकट वितरण प्रणाली, साफ-सफाई, भीड़ नियंत्रण और प्रवेश-निकास द्वारों पर विशेष सीसीटीवी और अधिकारियों के जरिए निगरानी रखी जाएगी.
ये भी पढ़ें: झारखंड में चिकित्सा व्यवस्था की एक और भयावह तस्वीर, एंबुलेंस नहीं मिली तो टोटो से पहुंची गर्भवती की मौत
जसीडीह से चलेंगी 26 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
डीआरएम संग्रह मौर्या ने जानकारी दी कि वर्तमान में जसीडीह स्टेशन से कुल 70 जोड़ी ट्रेनों का परिचालन हो रहा है. श्रावणी मेले के पावन अवसर पर इसमें 26 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की बढ़ोतरी की जाएगी, जिनमें 9 जोड़ी लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें भी शामिल हैं. आपात स्थिति के लिए जसीडीह स्टेशन पर अतिरिक्त ट्रेनों के रैक (Rake) भी तैयार रखे जाएंगे. श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए जसीडीह स्टेशन परिसर में करीब 80 हजार वर्गफीट का एक विशाल पंडाल बनाया जा रहा है. इसके अलावा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के तहत आरपीएफ, जीआरपी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जो 24 घंटे नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) के जरिए सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे.
देवघर बाइपास रेल परियोजना का काम तेज
डीआरएम ने देवघर स्टेशन की यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए जसीडीह स्टेशन पर ऑटो परिचालन और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि देवघर बाइपास रेल परियोजना पर काम तेजी से जारी है और फिलहाल वहां ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन (विद्युतीकरण) का काम चल रहा है. निरीक्षण के दौरान बैद्यनाथधाम स्टेशन के रेलवे क्वार्टरों में रहने वाली महिलाओं ने जल निकासी (ड्रेनेज) की समस्या और जर्जर आवासों की शिकायत डीआरएम से की, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर जल्द समाधान करने का भरोसा दिया. इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान सीनियर डीओएम राजेश कुमार, सीनियर डीसीएम मार्शल ए सिल्वा, सीनियर आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार, जसीडीह स्टेशन प्रबंधक शंकर शैलेश, बैद्यनाथधाम स्टेशन प्रबंधक माधव चंद्र झा, देवघर स्टेशन प्रबंधक दिनकर झा और आरपीएफ इंस्पेक्टर देवनारायण सहित कई रेल अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: लोहरदगा में NIA की रेड: RSS दफ्तर पर हमला मामले में जांच तेज, SP बोले- हमें कार्रवाई की सूचना नहीं
