सारठ: झारखंड शिक्षा परियोजना, देवघर के निर्देश पर सारठ सहित जिले के सरकारी विद्यालयों में ‘स्वच्छता पखवाड़ा 2026’ के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है. जिला से मिले दिशा-निर्देश के आलोक में सारठ बीईईओ अमिताभ झा ने सभी परियोजना कर्मियों के साथ बैठक कर विद्यालयों में निर्धारित गतिविधियों को समय पर पूरा कराने की जिम्मेवारी दी है.
बाल संसद और इको क्लब निभायेंगे अहम भूमिका
स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान बाल संसद एवं इको क्लब के सक्रिय सहयोग से विद्यालयों में स्वच्छता, हरियाली और स्वस्थ वातावरण को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया जायेगा. अभियान के तहत निर्धारित सभी गतिविधियों को 15 सितंबर 2026 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है.
विद्यालय स्तर पर स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. विद्यार्थियों के बीच पेंटिंग, पोस्टर, कविता, स्लोगन, निबंध और क्विज जैसी प्रतियोगिताएं करायी जायेंगी.
पौधरोपण के साथ ऑनलाइन इंट्री भी जरूरी
अभियान के तहत विद्यालयों में पौधरोपण किया जायेगा. पौधों की संख्या के अनुरूप ऑनलाइन प्लांटेशन इंट्री भी अपडेट करने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा स्वच्छ एवं हरित विद्यालय सर्वेक्षण का फाइनल सबमिशन भी किया जायेगा.
शिक्षक, कर्मी और साधनसेवी भी स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों के फोटो सोशल मीडिया पर साझा करेंगे, ताकि अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ायी जा सके.
15 सितंबर को विद्यार्थियों को किया जायेगा पुरस्कृत
निर्देश के अनुसार 15 सितंबर को विद्यालय स्वच्छता कार्ययोजना तैयार की जायेगी. इस दौरान स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया जायेगा.
विद्यालयों को आयोजित सभी कार्यक्रमों की रिपोर्ट, रिकॉर्ड और फोटो सुरक्षित रखने तथा इसकी जानकारी संकुल एवं प्रखंड स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
SHVR सर्वे से इंस्पायर अवार्ड तक काम अनिवार्य
निर्देश में कहा गया है कि 15 सितंबर तक यू-डाइस से प्राप्त सभी विद्यालयों का SHVR सर्वेक्षण फाइनल सबमिट किया जाये. पौधरोपण के बाद इको क्लब पोर्टल पर छात्र संख्या के अनुरूप इंट्री भी पूरी करनी होगी.
इसके अलावा कक्षा छह से 12 तक के विद्यालयों को इंस्पायर अवार्ड नामिनेशन और तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान से संबंधित ऑनलाइन कार्य भी अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा.
स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य के लिए अभियान
बीईईओ अमिताभ झा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विद्यालयों में स्वच्छता की आदत विकसित करने के साथ विद्यार्थियों को हरित, स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य के प्रति जिम्मेदार बनाना है. उन्होंने निर्धारित सभी गतिविधियों को समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया.
