सारठ: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की ओर से मंगलवार को सारठ प्रखंड सभागार में कम्युनिटी बेस्ड मॉनिटरिंग सिस्टम (CBMS) को लेकर प्रशिक्षण आयोजित किया गया. प्रशिक्षण में प्रत्येक क्लस्टर से दो ऑडिटर दीदियों को प्रशिक्षित किया गया, जो अब अगले तीन दिनों तक संबंधित सामुदायिक संगठनों का ऑडिट करेंगी.
समूहों और ग्राम संगठनों की होगी निगरानी
प्रशिक्षण के बाद ऑडिटर दीदियों द्वारा प्रत्येक क्लस्टर के चयनित समूहों, ग्राम संगठनों और क्लस्टर लेवल फेडरेशन का ऑडिट किया जाएगा. इस प्रक्रिया का उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर संचालित संस्थाओं के कामकाज, पारदर्शिता और सदस्यों को मिल रहे लाभों की स्थिति की जानकारी लेना है.
ऑडिट के दौरान यह देखा जाएगा कि कम्युनिटी बेस्ड ऑर्गेनाइजेशन में निर्धारित पांच सूत्रों का पालन हो रहा है या नहीं.
पैसे के लेनदेन से लेकर लीडरशिप तक की होगी जांच
CBMS के तहत ऑडिट के दौरान समूहों में होने वाले पैसे के लेनदेन, इंटर-लोनिंग, नेतृत्व व्यवस्था और सब-कमेटियों के कार्यों की जानकारी ली जाएगी.
इसके साथ ही समूह से जुड़ी सभी दीदियों को योजनाओं और सामुदायिक संगठनों के माध्यम से किस तरह के लाभ मिल रहे हैं, इसकी भी जानकारी जुटायी जाएगी.
सारठ और गोपीकांदर के 10 क्लस्टर शामिल
मंगलवार को आयोजित CBMS ब्रीफिंग एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में सारठ प्रखंड के सभी सात क्लस्टरों की ऑडिटर दीदियों ने हिस्सा लिया. इसके अलावा दुमका जिले के गोपीकांदर प्रखंड के तीन क्लस्टरों की ऑडिटर दीदियां भी प्रशिक्षण में शामिल हुईं.
इस दौरान सावित्री कुमारी, सखी, एलिजा, शिल्पा, चुमकी, सूरजमुनि, मांडवी, सुभद्रा, पूनम, सुनैना, साहिमा, सहोदी, पम्मी, कल्पना, मुनिया समेत अन्य ऑडिटर दीदियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया.
जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारियों ने दिया प्रशिक्षण
तीन दिवसीय प्रशिक्षण जिला से पहुंचे जिला प्रबंधक मनोज कुमार और प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक बिधु शेखर झा ने दिया. प्रशिक्षण के दौरान ऑडिटर दीदियों को CBMS की प्रक्रिया, ऑडिट के बिंदुओं और जानकारी संकलित करने के तरीकों से अवगत कराया गया.
प्रशिक्षण के बाद ऑडिटर दीदियां अपने-अपने क्लस्टरों में जाकर चयनित समूहों और सामुदायिक संगठनों की गतिविधियों की जमीनी स्थिति का आकलन करेंगी.
