रिटायर कोर्ट कर्मी की पत्नी के गले से सोने की चेन झपटकर भागे बदमाश

नगर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर कोर्ट कर्मी की पत्नी से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गये. महिला के पति ने प्राथमिकी दर्ज करायी है.

वरीय संवाददाता, देवघर . नगर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर कोर्ट कर्मी की पत्नी के गले से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गये. घटना चार जून की सुबह करीब 6:30 बजे की बतायी जा रही है. मामले में सेवानिवृत्त सहायक व्यवहार न्यायालय, गोड्डा के सुनील कुमार ने नगर थाना में प्राथमिकी संख्या 215/2026 दर्ज कराने के बाद कार्रवाई की मांग की है. दर्ज शिकायत के अनुसार, सुनील कुमार वर्तमान में रिखिया थाना क्षेत्र के बलसारा में रीना ठाकुर के मकान में किरायेदार के रूप में रहते हैं. उन्होंने पुलिस को बताया है कि वह पत्नी के साथ भुरभुरा मोड़ से काॅलेज मोड़ होते हुए तिवारी चौक की ओर टहलने निकले थे. इसी दौरान प्री गुरु एवेकस सेंटर के पास बाइक पर सवार दो व्यक्ति उनकी पत्नी के बगल में पहुंचे और गले से लगभग 25 ग्राम की सोने का चेन छीनकर भाग गये. कहा कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण वाहन का नंबर नहीं देख सके. घटना के बाद नगर थाना में अज्ञात बाइक सवार दो बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी. नगर थाना क्षेत्र में चेन झपटमारी की यह दूसरी बड़ी घटना मानी जा रही है. कुछ दिन पूर्व बीएड कॉलेज के सामने बच्चों को स्कूल बस के पास छोड़ने गये स्थानीय निवासी मृत्युंजय कुमार के गले से भी अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली थी. उस मामले में दो सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. हाइलाइटर ॰भुरभुरा मोड़ से टहलते हुए तिवारी चौक की ओर जा रहे थे दंपती ॰प्री गुरु एवेकस सेंटर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम ॰बाइक सवार अज्ञात आरोपितों के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashish kundan

आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >