मधुपुर. शहर के बावनबीघा स्थित रिसोर्ट परिसर में शुक्रवार को गांधी हेरिटेज के तत्वावधान में झारखंड में गांधी और स्वराज कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता व विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. मौके पर पर्यावरणविद् घनश्याम ने कहा कि आज के समय में गांधी ज्यादा प्रासंगिक है. मधुपुर में गांधी से संबंधित दर्शनीय स्थल बने, इसके लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है. डॉ. आलोका ने आजादी की लड़ाई में गांधी के साथ महिलाओं की भागीदारी के संबंध में विस्तारपूर्वक बताया. ज्योत्सना तिर्की ने कहा विदेशों में गांधी विचार को मानते हुए लोग जीवन जीते है. अपने ही देश में गांधी को लोग हल्के से लेने लगे है. आज गांधी का सत्य हिंसा और प्रेम का संदेश देश के लिए नितांत जरूरी है. प्रतियोगिता में शालोम स्कूल, महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, केंद्रीय विद्यालय, कार्मेल स्कूल, न्यू संत जेवियर्स स्कूल के छात्र छात्राओं ने हिस्सा लिया. दो ग्रुप में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में वर्ग 5 से 7 व दूसरे ग्रुप में आठवीं से दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने अपनी कलाकारी का शानदार प्रदर्शन किया. ग्रुप ए में दिव्या कुमारी प्रथम, स्तुति प्रिया द्वितीय व निखत परवीन तृतीय स्थान प्राप्त की. दूसरे ग्रुप में कीया देवनाथ प्रथम, अमित कुमार द्वितीय व सोनाक्षी कुमारी तृतीय स्थान प्राप्त किया. चित्रकला प्रतियोगिता के निर्णायक प्रसिद्ध चित्रकार शेखर व अमित दे की देखरेख में बच्चों ने महात्मा गांधी का आकर्षक चित्र बनाकर लोगों को आह्लादित कर दिया. मुद्रा डांस अकादमी की छात्रा जिज्ञासा और अर्पण ने सत्यम शिवम सुंदरम, ईश्वर अल्लाह तेरे नाम, सबको सन्मति दे भगवान, वंदे मातरम गीत पर आकर्षक नृत्य से लोगों का मन मोह लिया. मौके पर प्रसाद चटर्जी, कुंदन कुमार भगत, भोला भाई पटेल, मो. सैफ, शमशेर आलम, ऐनी टुडू, अताउल, अफजल, सुमित्रा, आनंद, तुहीन पाल, मिनहाज आदि मौजूद थे. हाइलार्ट्स : बापू की पुण्यतिथि पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
ईश्वर अल्लाह तेरे नाम, सबको सन्मति दे भगवान...पर छात्राओं ने दी मनमोहक प्रस्तुति
मधुपुर के बावनबीघा में स्वराज कार्यक्रम के तहत दी प्रस्तुति
