सारवां. प्रखंड क्षेत्र की डकाय पंचायत अंतर्गत जोगियाटिकुर गांव के पास वन विभाग के जंगल में रविवार रात को अचानक आग लग गयी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. आग की तेज लपटें दूर से ही दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया. इस भीषण अग्निकांड में सैकड़ों पेड़-पौधे जलकर राख हो गए. आग की भयावहता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए रिट्रेस लाइन काटकर आग को अन्य क्षेत्रों में फैलने से रोका. काफी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़े नुकसान को टाल दिया गया. समय रहते कार्रवाई होने से आग जंगल के और अंदरूनी हिस्सों में नहीं फैल पाई. घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर आग लगने के पीछे क्या कारण रहे। फिलहाल वन विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है.
जंगल में भड़की भीषण आग, सैकड़ों पेड़-पौधे राख
ग्रामीणों की सतर्कता से टला बड़ा खतरा
