देवघर. नगर थाना क्षेत्र के वार्ड-17 अंतर्गत सलौनाटांड़ निवासी नीरज कुमार सिंह ने घर में जबरन दखल करने, मारपीट, पिस्टल लहराने और पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है.
घर में दखल का प्रयास
शिकायतकर्ता के अनुसार, 19 सितंबर को दोपहर करीब 12 से एक बजे के बीच जितेन्द्र महथा, अजय चौधरी समेत कुछ अज्ञात लोग उसके घर पर जबरन दखल करने का प्रयास कर रहे थे. नीरज ने बताया कि आरोपितों द्वारा आये दिन उसके साथ मारपीट की जाती है और घर पर आकर गाली-गलौज भी की जाती है.
पांच लाख रंगदारी मांगने का आरोप
आरोप है कि आरोपितों ने पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की. रुपये नहीं देने पर वहां रहने नहीं देने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
सोने की चेन छीनने का आरोप
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान उसके गले से 1.5 ग्राम सोने की चेन छीन ली गयी, जिसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बतायी गयी है.
पिस्टल लहराकर घर में लगाया ताला
इसके बाद आरोपितों ने पिस्टल लहराते हुए घर के लोगों को बाहर भगा दिया और घर में ताला लगा दिया. साथ ही दोबारा आने पर गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. आरोपितों ने बिजली का मीटर नहीं लगाने दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
नीरज के आवेदन पर नगर थाना पुलिस ने दो नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
