प्रतिनिधि, पालोजोरी. देवघर जिले के पालोजोरी थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए असना मोड़ स्थित एक कपड़ा दुकान में छापेमारी कर 89 पुड़िया अवैध ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, कपड़ा दुकान की आड़ में कथित रूप से नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री का कारोबार चलाया जा रहा था. कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई.
तीनों आरोपियों के पास से अलग-अलग मात्रा में बरामदगी
मजिस्ट्रेट सह बीडीओ-सह-सीओ पार्थ नंदन की मौजूदगी में पुलिस ने तीनों आरोपियों की तलाशी ली. इस दौरान कुल 89 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई.
पुलिस के अनुसार, महुआडाबर निवासी मुजफ्फर अंसारी, पिता पांचू मियां, के पास से 30 पुड़िया, बरदडूबा निवासी सफाउल अंसारी, पिता करीम मियां, के पास से 29 पुड़िया और महुआडाबर निवासी सफरुल अंसारी, पिता सवरअली मियां, के पास से 30 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई.
पुलिस को देखते ही भागने का किया प्रयास
देवघर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत पालोजोरी पुलिस को क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने असना मोड़ स्थित सफाउल अंसारी की कपड़ा दुकान पर अचानक छापेमारी की.
पुलिस को देखते ही दुकान के अंदर मौजूद तीनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से मुस्तैद पुलिस बल ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया.
6.92 ग्राम ब्राउन शुगर, बाजार मूल्य करीब 53 हजार
पुलिस के अनुसार बरामद 89 पुड़िया ब्राउन शुगर का कुल वजन 6.92 ग्राम है. बताया गया कि नशे के इस पदार्थ की एक पुड़िया करीब 600 रुपये में बेची जाती थी. इस हिसाब से बरामद ब्राउन शुगर का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 53 हजार 400 रुपये बताया गया है.
भागलपुर से जुड़ा तस्करी का तार
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में ब्राउन शुगर की तस्करी का तार बिहार के भागलपुर से जुड़ा होने की बात सामने आई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थों की खेप कहां से लाई जाती थी और इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन से सप्लायर या अन्य लोग जुड़े हुए हैं.
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर जब्त कर तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
छापेमारी के दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में बीडीओ-सह-सीओ पार्थ नंदन, थाना प्रभारी संजय कुमार, एएसआई भागीरथ महतो तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे.
