प्रतिनिधि,जसीडीह. जसीडीह थाना क्षेत्र के गंगटी गांव के समीप मंगलवार की देर रात को पुलिस ने रेलवे ट्रैक से अर्धनग्न अवस्था में अज्ञात युवक का शव बरामद किया है. शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा हुआ मिला. मृतक के सिर पर जख्म के निशान मिले हैं. घटना की सूचना पाकर जसीडीह थाना व जसीडीह आरपीएफ के पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की. इसके बाद शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल देवघर भेज दिया. जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात को स्टेशन के अधिकारी ने पुलिस को सूचना दी थी कि जसीडीह तुलसीटांड़ के बीच पोल संख्या 324/26 के डाउन लाइन पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलते हैं थाना से एसआइ चंदन कुमार साह, एएसआइ अभय कुमार, सामंत कुमार व आरपीएफ पदाधिकारी जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक के पास से उसकी पहचान के लिए किसी प्रकार की कागजात व सामान नहीं मिला. जबकि आसपास के कई गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन कोई शव की पहचान नहीं कर सका. पुलिस ने आशंका जताते हुए कहा कि मृतक संभवत रेलवे ट्रैक पार कर रहा होगा, जिसकी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गयी होगी. मृतक के बदन पर सिर्फ एक ब्लू रंग का जींस पहना हुआ था. घटना को लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
Deoghar news : रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, नही हो पायी शिनाख्त
जसीडीह थाना क्षेत्र के गंगटी गांव के समीप पोल संख्या 324/26 से सटी डाउन लाइन पर घटना घटी. जानकारी पर आरपीएफ और पुलिस के पदाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की.
