सारठ बाजार. सारठ सीएचसी का बुधवार को सिविल सर्जन डॉ रमेश कुमार ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, लेबर वार्ड, उपस्थिति पंजी, दवा स्टॉक पंजी, जांच घर एवं कार्यालय सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में उपस्थित चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. लेबर वार्ड और शौचालय में गंदगी देखकर सिविल सर्जन ने नाराजगी जताते हुए कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. वहीं, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जियाउल हक के अनुपस्थित रहने पर उन्होंने खेद प्रकट किया और मौजूद कर्मियों को तत्काल उन्हें बुलाने का निर्देश दिया. इस दौरान अस्पताल में आउटसोर्सिंग पर कार्यरत 58 कर्मियों ने पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिलने की समस्या सिविल सर्जन के समक्ष रखी और जल्द भुगतान की मांग की. इस पर सिविल सर्जन ने वेतन भुगतान में देरी के कारणों की जानकारी ली और जल्द लंबित वेतन दिलाने का आश्वासन दिया. वहीं, सीएस ने बताया कि अस्पताल के विभिन्न रजिस्टरों और परिसर का निरीक्षण किया गया, जिसमें साफ-सफाई में कमी के साथ अन्य खामियां भी पाई गयी हैं. उन्होंने कर्मियों को साफ-सफाई सुधारने के निर्देश दिये और प्रभारी को ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा. मौके पर डीआरसीएचओ केके सिंह, बीपीएम शंकर शरण पंकज, डॉ नेहा, संजय कुमार, आलोक कुमार, अंजू कुमारी, रिंकू कुमारी, पूनम कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे. हाइलार्ट्स : सारठ सीएचसी का सीएस ने किया औचक निरीक्षण
अस्पताल में गंदगी पर भड़के सिविल सर्जन, कर्मियों को लगायी कड़ी फटकार
सारठ सीएचसी का सीएस ने किया औचक निरीक्षण
