देवघर : बाबा मंदिर के शौचालय में बच्चे को जन्म देकर लावारिस छोड़ मां हुई फरार

बाबा मंदिर के शौचालय में एक गर्भवती महिला बच्चे को जन्म देकर लावारिस अवस्था में फरार हो गई है. इस बच्चे को फिलहाल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


देवघर, संजीव मिश्रा : जहां पूरा देश मदर्स डे पर मां के त्याग व बलिदान को याद कर रहा है, तो वहीं बाबा नगरी में मातृत्व काे कलंकित कर देने वाली घटना हुई है. बाबा मंदिर के महिला शौचालय में एक मां अपने कोख में पल रहे बच्चे को जन्म देकर उसे वहीं लावारिस अवस्था में छोड़ कर चली गयी. इसका पता लोगों को तब चला, जब बाबा मंदिर के सफाई कर्मचारी छोटू राम सफाई के लिए शौचालय में पहुंचा. छोटू ने देखा कि खून से लथपथ कुछ रखा हुआ है. छोटू ने बताया कि जैसे ही उसकी नजर पड़ी, तो वह चौंक गया. उसने देखा की नवजात हिल रहा है और रोने की भी आवाज आयी. इसके बाद तुरंत उप स्वास्थ्य केंद्र में आकर एएनएम रश्मि कुमारी को बताया. वह दौड़ कर गयी, तब पता चला की नवजात है और पांच से 10 मिनट के अंदर ही इसका जन्म हुआ है. रश्मि ने बताया कि यह घटना शाम के करीब साढ़े छह बजे की है. बच्चे को स्वास्थ्य केंद्र लगाया गया तथा पुलिस को सूचना दी गयी, इसके बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा.

महिला होमगार्ड ने बच्चे को गाेद लेने की जतायी इच्छा

मामले की सूचना मिलते ही बाबा मंदिर के निकास द्वारा पर तैनात एएसआइ प्रेमचंद पांडे एक महिला होमगार्ड के साथ पहुंचे. महिला होमगार्ड ने बच्चे को जैसे ही देखा, तो उसकी ममता उमड़ पड़ी. उन्होंने बच्चे को गोद लेने की इच्छा जतायी है. फिलहाल बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल भेज दिया गया है. वहीं रश्मि ने बताया कि बच्चा देखने से पूरी तरह से स्वस्थ है और उसका वजन भी करीब तीन किलो का होगा.

Also Read : खुशखबरी! देवघर से श्रावणी मेले में रांची व पटना के लिए चलेंगे 180 सीटर विमान, इंडिगो ने की तैयारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kunal Kishore

कुणाल ने IIMC , नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा की डिग्री ली है. फिलहाल, वह प्रभात खबर में झारखंड डेस्क पर कार्यरत हैं, जहां वे बतौर कॉपी राइटर अपने पत्रकारीय कौशल को धार दे रहे हैं. उनकी रुचि विदेश मामलों, अंतरराष्ट्रीय संबंध, खेल और राष्ट्रीय राजनीति में है. कुणाल को घूमने-फिरने के साथ पढ़ना-लिखना काफी पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >