प्रतिनिधि, पालोजोरी : सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह के कड़े तेवर और पहल के बाद 24 घंटे के अंदर आउटसोर्सिंग कर्मियों को दो माह का मानदेय भुगतान मिला. सीएचसी में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों को पिछले चार माह का बकाया मानदेय भुगतान लंबित था. भुगतान नहीं होने के कारण सभी कर्मी शनिवार को हड़ताल पर चले गए थे.
विधायक ने सिविल सर्जन से की बात
इसकी जानकारी होने पर सारठ विधायक उदय शंकर सिंह हड़ताली कर्मियों से मिले और उनकी समस्याओं को सुना. इसके बाद उन्होंने मौके से ही सिविल सर्जन से मोबाइल के माध्यम से संपर्क किया और दो दिनों के अंदर मानदेय भुगतान का निर्देश दिया था.
दो माह का भुगतान, दो अब भी बाकी
विधायक के कड़े तेवर के बाद आउटसोर्सिंग कंपनी ने सोमवार की सुबह दो माह का मानदेय भुगतान किया. कर्मियों ने कहा कि विधायक की पहल पर उन्हें दो माह का भुगतान मिला है. इसके लिए विधायक का आभार जताया. साथ ही कहा कि उनका दो माह का मानदेय भुगतान अब भी लंबित है. ऐसे में जल्द उन्हें पूरा बकाया मानदेय का भुगतान कराया जाए.
जल्द होगा शेष भुगतान : विधायक
विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने कहा कि आउटसोर्सिंग कंपनी किसी भी सूरत में कर्मियों का शोषण नहीं कर सकती. उसे हर हाल में समय पर मानदेय का भुगतान करना होगा. जल्द ही कर्मियों के शेष दो माह के बकाया भुगतान कराया जाएगा.
