सारठ : सारठ विधानसभा क्षेत्र के करमाटांड़ प्रखंड में बुधवार को विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने कुल 10.30 करोड़ रुपये की लागत से होने वाली दो सड़क योजनाओं का शिलान्यास किया. इनमें 6.30 करोड़ रुपये की लागत से करो-करमाटांड़ पथ स्थित मिशन पीडब्ल्यूडी मुख्य पथ से तेलकियारी भाया चरघरा-जेरोपहाड़ी तक सड़क सुदृढ़ीकरण तथा चार करोड़ रुपये की लागत से कजरा मोड़ से मोहनपुर तक विशेष मरम्मती कार्य शामिल है.
दो पंचायतों के हजारों लोगों को मिलेगा आवागमन में लाभ
शिलान्यास के मौके पर विधायक चुन्ना सिंह ने कहा कि जनता की जरूरतों के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराये जा रहे हैं. इन दोनों योजनाओं के पूरा होने से दो पंचायतों सहित हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि करमाटांड़ के लिए अभी कई योजनाएं हैं, जिनकी स्वीकृति होनी है.
सड़क निर्माण में गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील
विधायक ने कहा कि पीडब्ल्यूडी विभाग के अंतर्गत होने वाले सड़क सौंदर्यीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए. इसके लिए स्थानीय ग्रामीण भी निर्माण कार्य पर नजर रखें. योजनाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए. इस दौरान विधायक ने स्थानीय समर्थकों के साथ शिलापट्ट का अनावरण कर नारियल फोड़ा.
स्कूली बच्चों के बीच बांटी कॉपी-पेंसिल
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्कूली बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल-कलम और कंपास का वितरण भी किया. मौके पर बेजन मंडल, शकूर अंसारी, रंजीत मंडल, रामरतन मंडल, रामदेव मंडल, इमरान अंसारी, सुनील सोरेन, बालो मंडल, खूबलाल रजवार, अजय यादव, अजित मंडल, राजन मंडल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
