देवघर के मधुपुर मिसरना डकैती कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

मधुपुर के मिसरना गांव में हुई डकैती के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी इमामुदीन अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब तक कुल 9 आरोपी पकड़े जा चुके हैं।

देवघर: मधुपुर थाना क्षेत्र के मिसरना गांव में सीताराम मंडल के घर पिछले वर्ष हुई डकैती की घटना में संलिप्त एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया. दरअसल, डकैती कांड के बाद गठित एसआईटी टीम ने फरार आरोपी मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के घाघरा निवासी इमामुदीन अंसारी को गिरफ्तार किया है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि मिसरना निवासी 69 वर्षीय सीताराम मंडल ने मधुपुर थाना में डकैती का मामला दर्ज कराया था. दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने बताया था कि अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर उनके घर से 12 लाख 50 हजार रुपये नकद और करीब सात लाख रुपये के जेवरात लूट लिए थे. इस मामले में मधुपुर थाना कांड संख्या 157/25 दर्ज किया गया था. कांड की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक सह मधुपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था. एसआईटी टीम के लगातार प्रयास से कांड का उद्भेदन किया गया. इससे पहले भी इस मामले में संलिप्त आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई 12.5 लाख रुपये से अधिक की राशि भी बरामद की थी। इस कांड में कुल 11 आरोपी शामिल थे. छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक राजीव कुमार, पुअनि शशी कपूर (थाना प्रभारी मारगोमुंडा), पुअनि धर्मवीर भगत तथा मधुपुर और मारगोमुंडा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Balram

Published by: Sameer Oraon

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >