वरीय संवाददाता, देवघर : कुंडा थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव में रविवार देर रात कुट्टी मिल व आवासीय परिसर में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ है. आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग को करीब 10 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी. इस दौरान पांच दमकल पानी खर्च हुआ. पीड़ित सीताराम महतो ने घटना को साजिशन आगजनी बताते हुए पांच लोगों के खिलाफ कुंडा थाना व अग्निशमन विभाग में लिखित शिकायत दी है. शिकायत में 375 क्विंटल पुआल, पुआल की छावनी व बांस जलकर नष्ट होने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है. जानकारी के अनुसार, तेतरिया गांव निवासी सीताराम महतो ने अपने आवेदन में बताया है कि रविवार की रात करीब 12:05 बजे वह अपने घर की छत पर थे. इसी दौरान उन्हें धुआं उठता दिखायी दिया. आरोप है कि कुछ लोग उनके कुट्टी मिल व पुआल के ढेर के पास पहुंचे और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दिये. हल्ला करने पर आरोपितों ने कथित रूप से हथियार दिखाकर धमकी दी. शोर सुनकर परिवार के सदस्य छत पर पहुंचे और घटना देखी. इसके बाद आसपास के ग्रामीण भी जुट गये और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. पीड़ित के अनुसार, घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग व डायल 112 को दी गयी. सूचना मिलने के बाद पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने लगातार अभियान चलाया. करीब 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका. सीताराम ने आवेदन में दावा किया है कि आग लगने से लगभग 375 क्विंटल पुआल, जिसकी कीमत करीब चार लाख रुपये बतायी गयी है, जलकर नष्ट हो गया. इसके अलावा पुआल व बांस से बनी करीब 50 फीट लंबी छावनी भी आग की चपेट में आ गयी. पीड़ित ने कुल मिलाकर लाखों रुपये की क्षति होने की बात कही है. इधर, अग्निशमन विभाग के अनुसार समय पर कार्रवाई किये जाने से आग को आवासीय मकान तक फैलने से रोक लिया गया. विभाग की तत्परता से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के मकान को सुरक्षित बचा लिया गया. मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है. इधर, अगलगी की सूचना मिलने पर मुखिया संतोषी शर्मा ने भी घटनास्थल पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली. हाइलाइट्स कुंडा थानांतर्गत तेतरिया गांव में देर रात हुई घटना, आग बुझाने में पांच दमकल पानी हुआ खर्च 375 क्विंटल पुआल व 50 फीट छावनी जलकर राख होने का दावा अग्निशमन विभाग की तत्परता से मकान को बचाने में मिली सफलता पीड़ित ने पांच लोगों पर आगजनी व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया
Deoghar News : कुट्टी मिल व घर में लगी भीषण आग, 10 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
कुंडा थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव में रविवार देर रात कुट्टी मिल व आवासीय परिसर में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ है. आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग को करीब 10 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी.
