मधुपुर : थाना क्षेत्र के सिंघो गांव में मंगलवार को एक विवाहिता का शव उसके घर के कमरे से संदिग्ध स्थिति में बरामद हुआ. मृतका की पहचान पथलजोर निवासी फरीदा खातून (30) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि फरीदा खातून की शादी कई वर्ष पूर्व सिंघो गांव निवासी जमशेद अंसारी के साथ हुई थी. दंपती के तीन बच्चे हैं. मंगलवार को जमशेद अंसारी ने बुढ़ैई थाना क्षेत्र के पथलजोर निवासी अपनी सास को फोन कर बताया कि उनकी बेटी की तबीयत काफी खराब है और उन्हें तुरंत सिंघो पहुंचने को कहा.
बेटी की मौत की खबर मिलते ही ससुराल पहुंची मां, चौकी पर पड़ा मिला शव
सूचना पाकर फरीदा की मां अपनी बेटी की ससुराल पहुंचीं. वहां उन्होंने फरीदा का शव चौकी पर पड़ा देखा. इसके बाद मृतका के भाई मुस्तफा अंसारी को घटना की जानकारी दी गयी. भाई ने ग्रामीणों से जानकारी लेने के बाद मधुपुर थाना को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही मधुपुर पुलिस सिंघो गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, देवघर भेज दिया है.
ससुराल पहुंची मां, चौकी पर मिला बेटी का शव; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
ससुराल पक्ष जहां फांसी लगाकर मौत होने की बात बता रहा है, वहीं मृतका के मायके वालों ने हत्या की आशंका जतायी है. हालांकि मंगलवार रात आठ बजे तक थाना में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गयी थी. पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है. पुलिस का कहना है कि मृतका के मायके वालों की ओर से अभी कोई लिखित शिकायत नहीं दी गयी है. शिकायत मिलने के बाद उसी के अनुरूप जांच कर कार्रवाई की जायेगी. वहीं, पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के मामले की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
