देवघर : जेसी राज फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित स्व सीता शरण राय मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट सीजन-पांच का शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में समापन हुआ. प्रतियोगिता में आठ टीमों के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें देवघर, दुमका, पालोजोरी, बीएड कॉलेज, जिला पुलिस व जीआरपी समेत विभिन्न टीम व खिलाड़ियों ने भाग लिया. पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में इंडोर स्टेडियम देवघर ने जीआरपी को सीधे सेटों में 25-23, 25-23 से हराकर खिताब जीता. वहीं, महिला वर्ग में भी इंडोर स्टेडियम देवघर की टीम विजेता रही. समापन समारोह में विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया.
खेल से युवाओं में विकसित होता है आत्मविश्वास : डॉ जेसी राज
मुख्य अतिथि डॉ जेसी राज ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष की क्षमता विकसित करता है.
स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की जरूरत : संजय मालवीय
देवघर जिला खेल प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय मालवीय ने कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच और निरंतर प्रोत्साहन देने की जरूरत है.
रवि कुमार व राज कुमार ने निभायी रेफरी की भूमिका
मुकाबलों में रेफरी की भूमिका रवि कुमार व राज कुमार ने निभायी. वहीं, मंच संचालन जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव नवीन शर्मा ने किया.
खिलाड़ी, प्रशिक्षक व संघ के अधिकारी रहे मौजूद
समापन पर जिला वॉलीबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ अमित प्रसाद, राकेश पांडेय, बिपिन सिंह सहित खिलाड़ी, प्रशिक्षक, संघ के अधिकारी व समिति के सदस्य मौजूद थे.
