देवघर : देवघर जिले के देवीपुर प्रखंड के अमजो गांव में करीब 1.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक साइंस सेंटर अब विद्यार्थियों के लिए खुलने की तैयारी में है. सेंटर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जिला प्रशासन ने इसके जल्द उद्घाटन की प्रक्रिया तेज कर दी है. डीसी स्तर से जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) को 23 सितंबर तक सेंटर का निरीक्षण कर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने और उद्घाटन की तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है. रिपोर्ट मिलने के बाद उद्घाटन की तिथि तय करने की दिशा में कार्रवाई की जायेगी.
किताबों से निकलकर प्रयोगशाला तक पहुंचेगा विज्ञान
साइंस सेंटर का उद्देश्य कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों को विज्ञान विषय की प्रायोगिक जानकारी उपलब्ध कराना और उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करना है. यहां भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान से संबंधित विभिन्न प्रयोगों के लिए आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराये गये हैं. विद्यार्थी इन प्रयोगों को केवल देखेंगे ही नहीं, बल्कि विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में स्वयं प्रयोग कर विज्ञान के सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप से समझ सकेंगे.
3डी प्रिंटर से रोबोट और ड्रोन तक
सेंटर में एफडीएम और एसएलए तकनीक वाले 3डी प्रिंटर, राइटिंग रोबोट, इंडस्ट्रियल ड्रोन, टेलीस्कोप, स्पेस मॉडल, मल्टीटच स्क्रीन और स्मार्ट एलईडी स्क्रीन स्थापित किये गये हैं. इसके अलावा सीसीटीवी सेटअप, पावर बैकअप, इलेक्ट्रिकल वर्क, फ्लोर मैटिंग टाइल्स तथा अन्य सिविल कार्य भी कराये गये हैं.
माइनिंग से न्यूक्लियर साइंस तक की मिलेगी जानकारी
झारखंड की खनिज संपदा को ध्यान में रखते हुए सेंटर में माइनिंग और इंजीनियरिंग से संबंधित उपकरण भी उपलब्ध कराये गये हैं. विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, मिसाइल तकनीक और न्यूक्लियर साइंस जैसे विषयों की शैक्षणिक जानकारी भी दी जायेगी. आधुनिक मॉडल और उपकरणों के माध्यम से जटिल वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाने का प्रयास किया जायेगा.
जिले के स्कूलों को मिलेगा नि:शुल्क लाभ
साइंस सेंटर के केयरटेकर विकास कुमार के अनुसार, भवन पूरी तरह तैयार है और विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं. जिले के स्कूलों में विज्ञान की पढ़ाई कई बार पाठ्यपुस्तकों तक सीमित रह जाती है. ऐसे में सेंटर शुरू होने के बाद विद्यार्थियों को प्रायोगिक शिक्षा का सीधा अवसर मिलेगा. स्कूली विद्यार्थियों को सेंटर की सुविधाओं और उपकरणों का नि:शुल्क उपयोग कराया जायेगा.
वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर
जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार ने बताया कि सेंटर के संचालन से विद्यार्थियों को विज्ञान को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर मिलेगा और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होगा. प्रशासनिक स्तर पर जांच और तैयारियां पूरी होने के बाद इसे जल्द संचालित किया जायेगा.
