देवघर : साइबर पुलिस ने सारठ थाना क्षेत्र के डकाय जंगल में साइबर ठगी करते पांच युवकों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोपितों के पास से छह मोबाइल फोन और छह सिमकार्ड बरामद किये गये हैं. एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में दो सितंबर को यह कार्रवाई की गयी.
पांच आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़े
पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में मधुपुर थाना क्षेत्र के बुढ़ीबगीचा गांव निवासी सुभाष कुमार दास, गड़िया गांव निवासी कुंदन कुमार, मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के नयी चिहुटिया गांव निवासी विकास कुमार दास, सारठ थाना क्षेत्र के नयाखरना गांव निवासी धनंजय महरा और सारठ के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के झुनाकी गांव निवासी विक्रम कुमार दास शामिल हैं.
मोबाइल और सिम की जांच में मिली संलिप्तता
बरामद मोबाइल फोन और सिमकार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में आरोपितों की संलिप्तता पायी गयी है. छापेमारी टीम में साइबर थाना के एसआइ विशेश्वर कुमार, मारगोमुंडा थाना के एएसआइ विरेन्द्र राम समेत दोनों थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.
कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर करते थे ठगी
पूछताछ में पुलिस को आरोपितों ने बताया कि वे फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट और अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी और गूगल पर फोन पे कस्टमर केयर के नाम पर आमलोगों को ठगी का शिकार बनाते थे. इसके अलावा एपीके फाइल के जरिये भी ठगी की जाती थी.
APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेते थे
पुलिस के अनुसार, आरोपित पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करते थे. इसके बाद साइबर ठगी करते थे.
विक्रम पर पहले से दर्ज हैं तीन मामले
मामले में साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. इसके बाद गिरफ्तार आरोपितों को कोर्ट में पेश कराया गया, जहां से प्राप्त निर्देश के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया गया.
गिरफ्तार आरोपित विक्रम कुमार दास का आपराधिक इतिहास भी है. उसके खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 18/2023, कांड संख्या 69/2024 एवं कांड संख्या 36/2025 दर्ज है. तीनों मामलों में वह जेल भी जा चुका है.
