पालोजोरी : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. इस क्रम में शुक्रवार को बीडीओ पार्थ नंदन ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. बैठक में बीडीओ ने मतदाता सूची में अनमैप्ड मतदाताओं के पास नोटिस पहुंचाने से लेकर अन्य कार्यों के बारे में विस्तार से चर्चा की.
1881 अनमैप्ड मतदाताओं को भेजा जाएगा नोटिस
बैठक में बीएलओ को सभी परिवार एक साथ का स्टिकर के अलावा चेक स्लिप व अन्य कई तरह के फॉर्म दिए गए. बताया गया कि बीएलओ अनमैप्ड मतदाताओं के घरों में जाकर उन्हें नोटिस का तामिला करायेंगे. साथ ही नोटिस तामिला की पावती लेंगे और जिसे नोटिस देंगे, उसके साथ सेल्फी लेकर बीएलओ एप में अपलोड करेंगे. बीडीओ ने निर्देश दिया कि नजरी नक्शा का अवलोकन कर अपने क्षेत्र के वैसे मतदाताओं, जिनका नाम अन्य बूथ में है, उन्हें अपने बूथ में लायेंगे. वहीं, जो मतदाता नजरी नक्शा के बाहर के वोटर हैं, उनका नाम हटायेंगे.
बीएलओ मतदाताओं से लेंगे दस्तावेज
नोटिस तामिला के उपरांत बीएलओ मतदाताओं से उनकी पहचान, आयु और निवास की प्रामाणिकता साबित करने वाले वैध दस्तावेज लेंगे और बीएलओ एप में अपलोड करेंगे. इन दस्तावेजों में जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, आधार या जाति प्रमाण पत्र अथवा सक्षम अधिकारियों द्वारा जारी प्रमाण पत्र शामिल होंगे.
2 सितंबर तक होगी दावे और आपत्तियों पर सुनवाई
बीपीआरओ सुभाष चंद्र राय ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज करने का काम 17 अगस्त से शुरू हो चुका है. अनमैप्ड मतदाताओं के दावों की सुनवाई 27 अगस्त से 2 सितंबर तक होगी. इसके लिए पालोजोरी प्रखंड मुख्यालय, बसबुटिया, खागा, कुंजोड़ा, बगदाहा, बसहा व कचुवासोली पंचायत सचिवालय में कैंप आयोजित होगा.
