देवघर : आसनसोल राइफल क्लब में 25 से 30 अगस्त तक आयोजित होने वाली 10वीं ईस्ट जोन राइफल्स व पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में देवघर जिला राइफल शूटिंग संघ के निशानेबाज झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे. प्रतियोगिता में छह राज्यों के करीब एक हजार निशानेबाजों के हिस्सा लेने की जानकारी दी गई है. क्वालीफाई स्कोर और पदक प्रदर्शन के आधार पर देवघर के खिलाड़ियों का चयन झारखंड टीम के लिए किया गया है.
इन स्पर्धाओं में लगाएंगे निशाना
25 मीटर सेंटर फायर में आतिश, 50 मीटर पिस्टल में तमन्ना झा और कवि शंकर पंडित तथा 50 मीटर फायरआर्म्स राइफल में अंकित कुमार और शेल्य देव हिस्सा लेंगे. वहीं, 10 मीटर एयर पिस्टल में अनन्या चौधरी, अदिति आनंद झा और श्रेया सिंह तथा 10 मीटर एयर राइफल में अनामिका झा, सुमित कुमार सुमन और अंकित कुमार के नाम शामिल हैं. सभी खिलाड़ी अपने निर्धारित स्लॉट के अनुसार सड़क मार्ग से आसनसोल के लिए रवाना होंगे.
अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
संघ के अध्यक्ष कृष्ण मोहन चौबे ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक पदक जीतने के लिए प्रोत्साहित किया. संघ के सचिव आजाद कुमार पाठक ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार खिलाड़ियों की संख्या बढ़ी है. निशानेबाज फायर आर्म्स वर्ग में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. टीम के साथ कोच हेमंत कुमार और मैनेजर सुमित कुमार सिंह हैं.
