वरीय संवाददाता, देवघर: कुंडा के ठाढ़ी के बगल खोरादह इलाके में मंगलवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक युवक अचानक एक घर में घुस गया और हंगामा करने लगा. युवक नशे की हालत में बताया जा रहा था. उसके इस तरह घर में घुसकर हंगामा करने से घर के लोग परेशान हो गये.
मामला बढ़ता देख परिजनों ने तत्काल पुलिस के इमरजेंसी नंबर 112 पर सूचना दी. सूचना मिलते ही कुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे युवक को पकड़ लिया.
घर में घुसते ही शुरू कर दिया हंगामा
जानकारी के अनुसार, युवक अचानक घर में घुसा और वहां हंगामा करने लगा. युवक की हरकत से घरवालों के बीच परेशानी की स्थिति उत्पन्न हो गयी. स्थिति बिगड़ती देख परिजनों ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी.
112 पर सूचना मिलने के बाद कुंडा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में ले लिया.
घटनास्थल नगर थाना क्षेत्र का निकला
मौके पर पुलिस की जांच में पता चला कि जिस स्थान पर घटना हुई, वह नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है. इसके बाद कुंडा थाना पुलिस पकड़े गये युवक को लेकर नगर थाना पहुंची.
पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी नगर थाना को दी और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गयी.
लोगों ने युवक के साथ की मारपीट, अस्पताल में कराया मेडिकल
जानकारी के मुताबिक, हंगामे के दौरान स्थानीय लोगों ने युवक के साथ मारपीट भी की थी. युवक की स्थिति को देखते हुए नगर थाना के कहने पर कुंडा थाना पुलिस उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंची.
अस्पताल में युवक का मेडिकल कराया गया, ताकि उसकी स्थिति और घटना के दौरान लगी चोटों की जांच हो सके.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. युवक किस वजह से घर में घुसा था और हंगामा करने के पीछे क्या कारण था, इसकी जानकारी जुटायी जा रही है.
पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है.
