संवाददाता, देवघर : समाहरणालय में शनिवार को डीसी सह मंदिर प्रशासक शशि प्रकाश सिंह के साथ पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक हुई. इसमें बाबा मंदिर की व्यवस्था, परंपराओं की सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित जलार्पण, भीड़ प्रबंधन, शीघ्रदर्शनम से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी. सभा की ओर से मंदिर में सुचारू व्यवस्था बनाये रखने के लिए कई सुझाव और मांगें प्रशासन के समक्ष रखी गयी. इससे पहले सभा के पदाधिकारियों ने अंगवस्त्र देकर डीसी का सम्मान किया. सभा के प्रतिनिधियों ने मांग की कि बाबा मंदिर के पट खुलने और बंद होने का समय स्थायी रूप से निर्धारित किया जाये. साथ ही प्रोटोकॉल पूजा के नाम पर होने वाले घुसपैठ पर रोक लगायी जाये. भीतरखंड कार्यालय के ऊपरी तल से वीआइपी व्यवस्था के नाम पर लोगों के प्रवेश को बंद करने की मांग भी उठायी गयी, ताकि राजस्व क्षति पर अंकुश लग सके. बैठक में छह माह से अधिक समय से कार्यरत पुलिस कर्मियों के तबादले, मंदिर की परंपराओं से छेड़छाड़ नहीं करने तथा किसी भी आंतरिक व्यवस्था में सभा की सहमति सुनिश्चित करने की बात कही गयी. सभा ने भीतरखंड स्थित कंट्रोल रूम को हटाकर वहां बीमार, बुजुर्ग श्रद्धालुओं के विश्राम और छोटे बच्चों के दुग्धपान के लिए व्यवस्था करने का सुझाव दिया. इसके अलावा पुलिस प्रशासन की मनमानी रोकने तथा श्रद्धालुओं से दक्षिणा लेने की शिकायतों पर भी चर्चा हुई. डीसी ने शिवगंगा के समीप बने मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र को चालू करने एवं मंदिर परिसर के आसपास सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया. बैठक में सभा के अध्यक्ष डॉ सुरेश भारद्वाज, महामंत्री निर्मल कुमार झा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रशेखर खवाड़े, उपाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र, मंत्री अरुणानंद झा, कोषाध्यक्ष बाबुल नरौने, संरक्षक सदस्य दुर्लभ मिश्र, सुंदर चरण मिश्र, कार्यकारिणी के नुनुभाई, राजेश बलियासे आदि उपस्थित थे. हाइलाइट्स डीसी के साथ बैठक में पंडा धर्मरक्षिणी सभा ने रखी मांगें भीतरखंड कार्यालय के ऊपरी तल से वीआईपी के नाम पर होने वाले प्रवेश को बंद करने की मांग उठी छह माह से अधिक समय से तैनात पुलिसकर्मियों का तत्काल तबादला करने की बात कही गयी मंदिर की परंपराओं और धार्मिक व्यवस्था से किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने पर बल दिया गया भीतरखंड स्थित कंट्रोल रूम हटाकर वहां बुजुर्गों, बीमार श्रद्धालुओं और छोटे बच्चों के लिए सुविधा केंद्र बनाने का सुझाव दिया पुलिस प्रशासन की मनमानी और यात्रियों से दक्षिणा लेने की शिकायतों पर रोक लगाने की मांग रखी गयी
Deoghar News : बाबा मंदिर में प्रोटोकॉल के नाम पर घुसपैठ बंद हो तथा पट खुलने व बंद होने का समय निर्धारित करें
समाहरणालय में शनिवार को डीसी सह मंदिर प्रशासक शशि प्रकाश सिंह के साथ पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक हुई. इसमें सभा ने कई मांगें रखीं.
