BRICS धमकी मामले में देवघर से गिरफ्तार गुलशन की खुली पहचान, ट्रांजिट रिमांड पर ले गयी गुजरात पुलिस

दिल्ली में BRICS सम्मेलन और गुजरात सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले मामले में देवघर से एक बड़ी गिरफ्तारी हुई है. गुजरात पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से एक आरोपी को पकड़ा है, जिसकी ईमेल आईडी का इस्तेमाल धमकी भरे संदेश भेजने के लिए हुआ था.

देवघर : दिल्ली के प्रगति मैदान में ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान विस्फोट और गुजरात के गांधीनगर स्थित सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी के मामले की जांच का तार देवघर से जुड़ा है. गुजरात पुलिस की साइबर टीम ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से करनीबाग ठाढ़ी रोड, वार्ड नंबर-34, बावनबीघा स्थित ससुराल में छापेमारी कर गुलशन कुमार सिंह उर्फ गुलशन चौहान, पिता कौशल सिंह, को गिरफ्तार किया. कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद गुजरात पुलिस उसे अपने साथ ले गयी.

धमकी के लिए इस्तेमाल हुई गुलशन की इ-मेल आइडी

एसपी प्रवीण पुष्कर ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि धमकी भरे इ-मेल में गुलशन की इ-मेल आइडी का इस्तेमाल हुआ है. इसी आधार पर गुजरात पुलिस ने कार्रवाई की. तकनीकी अनुसंधान के आधार पर साइबर मामलों में दक्ष पुलिस इंस्पेक्टर एमबी पटेल के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम देवघर पहुंची थी. लोकेशन के आधार पर पुलिस ने गुलशन को ससुराल से पकड़ा और नगर थाना लाया. अलग कमरे में पूछताछ के दौरान उसने अपनी इ-मेल आइडी की पुष्टि की.

सह आरोपी से पूछताछ में सामने आया नाम

जांच के दौरान गुजरात पुलिस ने एक युवक रोशन को गिरफ्तार कर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रोशन ने बताया कि धमकी से संबंधित इ-मेल भेजने अथवा संचालित करने के लिए इस्तेमाल की गयी इ-मेल आइडी और उसका पासवर्ड उसे गुलशन कुमार ने उपलब्ध कराया था. हालांकि, गुलशन की भूमिका और इस दावे का सत्यापन अभी जांच का विषय है. पुलिस इ-मेल रिकॉर्ड, आइपी और लॉगिन विवरण, मोबाइल समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है.

सॉफ्टवेयर डेवलपर रह चुका है गुलशन

पुलिस के अनुसार, गुलशन मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित दौलतपुर गांव का रहने वाला है. देवघर के नंदन पहाड़ इलाके में भी उसका घर है. वह पूर्व में सॉफ्टवेयर डेवलपर का काम कर चुका है. फिलहाल घर पर रह रहा था. गिरफ्तारी की रात वह बावनबीघा स्थित ससुराल में मौजूद था.

आगे की पूछताछ गुजरात में

गुजरात पुलिस ने कोर्ट में प्रतिवेदन देकर गुलशन को अनुसंधान के लिए ट्रांजिट रिमांड पर मांगा था. पुलिस के अनुसार, उससे इ-मेल आइडी और पासवर्ड उपलब्ध कराने में उसकी भूमिका, धमकी के स्रोत और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ जरूरी है. डिजिटल साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका को भी रिमांड का आधार बताया गया. ट्रांजिट रिमांड स्वीकृत होने के बाद टीम उसे गुजरात ले गयी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशीष कुंदन

आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >