सारठ: शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर बुधवार को सरकार की उप सचिव जयवंती देवगम ने पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सारठ का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उप सचिव ने विद्यालय के कक्षा वार एक-एक कक्ष में जाकर छात्राओं से पठन-पाठन से संबंधित जानकारी ली.
उन्होंने विद्यालय के छात्रावास, रसोईघर सहित अन्य स्थानों की साफ-सफाई का जायजा लिया तथा छात्राओं को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की. बताया गया कि केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश के सभी 363 पीएम श्री विद्यालयों की जिलावार अलग-अलग अधिकारियों के माध्यम से स्थलीय जांच कर अद्यतन जानकारी मांगी गई है.
इसी निर्देश के आलोक में विद्यालय का निरीक्षण किया गया. इस दौरान मिली जानकारी और स्थिति की रिपोर्ट विभाग को भेजी जाएगी. उसी रिपोर्ट के आधार पर विद्यालय के बेहतर संचालन के लिए आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी.
उप सचिव ने छात्राओं के भौतिक और मानसिक विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित गैर शैक्षणिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.
उन्होंने आयोजित कार्यक्रमों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के लिए पंजी संधारण करने का निर्देश वार्डन को दिया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर विभागीय अधिकारी उसका अवलोकन कर छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए नीति निर्धारण कर सकें.
मौके पर फील्ड मैनेजर रामसागर चौधरी, पीएम श्री यूनिट संचालक मिहिर देव, बीपीओ उदय शंकर राय, वार्डन करुणा राय और लेखपाल कार्तिक केसरी मौजूद थे. -- निरीक्षण में उप सचिव ने शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक गतिविधियों पर जोर
