Deoghar News: सारवां में घर से चोरी, डेढ़ किलो चांदी और 20 ग्राम सोने के जेवर ले उड़े चोर

देवघर के सारवां थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। चोर डेढ़ किलो चांदी, 20 ग्राम सोना और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। पुलिस जांच में जुटी है।

सारवां: थाना क्षेत्र के बंदाजोरी पंचायत के बिराजपुर गांव में एक घर में चोरी का मामला सामने आया है. रेखा कुमारी ने थाने में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई और मामले की छानबीन की मांग की है. पीड़िता के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य रात में खाना खाने के बाद सो गए थे. सुबह उठने पर घर का दरवाजा बाहर से बंद मिला.

पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाने के बाद कमरे की जांच की गयी, तो चोरी की घटना का पता चला. चोर घर से चांदी और सोने के जेवर, कपड़े और परिवार के जरूरी दस्तावेज समेत कई सामान ले गए हैं. घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है.

घर का दरवाजा बाहर से बंद मिला

पीड़िता रेखा कुमारी ने आवेदन में बताया है कि 7 अगस्त की रात करीब 9 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे. 8 अगस्त की सुबह करीब 5:30 बजे उठने पर देखा कि घर का दरवाजा बाहर से बंद है. इसके बाद पड़ोसियों को आवाज देकर दरवाजा खुलवाया गया.

टूटा मिला कमरे का ताला और खिड़की का ग्रिल

घर के अंदर जाकर जांच करने पर एक कमरे का ताला टूटा हुआ मिला. कमरे की खिड़की का ग्रिल भी उखड़ा हुआ था. कमरे में रखे गोदरेज का लॉक भी टूटा पड़ा था. इसके बाद सामान की जांच करने पर कई कीमती वस्तुओं और जरूरी दस्तावेजों के गायब होने की जानकारी मिली.

डेढ़ किलो चांदी और करीब 20 ग्राम सोने के जेवर चोरी

पीड़िता के अनुसार, चोर गोदरेज से सात जोड़ा चांदी का पायल, बच्चों का चार जोड़ा चांदी का मठिया और चार जोड़ी चांदी की सीकरी ले गए. चांदी के जेवर का कुल वजन करीब 1.5 किलोग्राम बताया गया है. इसके अलावा सोने का एक लॉकेट, एक मंगलसूत्र, नाक का चार सोने का नाकचना, कान की कनबाली और सोने की चार नथ भी चोरी होने की बात कही गयी है. सोने के जेवर का कुल वजन करीब 20 ग्राम बताया गया है.

जरूरी दस्तावेज भी साथ ले गए चोर

चोरी की घटना में परिवार के जरूरी दस्तावेज भी चोर ले गए. पीड़िता ने बताया कि परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड, बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र, गैस का पासबुक, पति के नाम का एटीएम और पासपोर्ट समेत विभिन्न सामग्री चोरी हुई है. बैंक खाते से संबंधित विभिन्न पासबुक भी ले जाने की बात आवेदन में कही गयी है.

पुलिस ने शुरू की छानबीन

घटना के बाद रेखा कुमारी ने सारवां थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों की खोजबीन और कानूनी कार्रवाई की गुहार लगायी है. आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. चोरी की घटना के बाद पीड़ित परिवार को कीमती सामान के साथ जरूरी दस्तावेजों की चिंता भी सता रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Lilanand jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >