देवघर : देवघर-सारठ मुख्य मार्ग पर बलियाचौकी के समीप शुक्रवार दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव से टैबलेट समेत अन्य सामान से भरा बैग झपट लिया और फरार हो गये. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बलियाचौकी से आगे दायीं ओर तपोवन जाने वाली सड़क की ओर भाग निकले. पीड़ित ने कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन दोनों तेज गति से फरार होने में सफल रहे. घटना के संबंध में देवीपुर भोजपुर निवासी मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव विबोध कुमार ने कुंडा थाना में शिकायत दर्ज करायी है. उन्होंने पुलिस से बदमाशों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है.
बलियाचौकी के पास बाइक सवार बदमाशों ने झपटा बैग, टैब और जरूरी सामान ले उड़े
विबोध कुमार ने पुलिस को बताया कि वह पालोजोरी में मार्केटिंग का काम पूरा करने के बाद बाइक से अपने मुख्यालय देवघर लौट रहे थे. इसी दौरान शुक्रवार दोपहर करीब 1:10 बजे बलियाचौकी के समीप बाइक सवार दो युवकों ने उनका बैग झपट लिया और तपोवन की ओर जाने वाली सड़क पर तेजी से भाग निकले. पीड़ित के अनुसार, बैग में एक टैब, कलेक्शन डायरी समेत अन्य आवश्यक सामान रखे हुए थे. घटना के बाद उन्होंने कुछ दूरी तक बदमाशों का पीछा किया, लेकिन दोनों तेज गति से बाइक चलाते हुए फरार हो गये.
बिना नंबर प्लेट की बाइक से पहुंचे बदमाश, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
विबोध कुमार के अनुसार, बदमाश जिस बाइक से आए थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी. बाइक के पीछे बैठे युवक ने सफेद रंग की हाफ टी-शर्ट पहन रखी थी, जबकि बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था. हालांकि, वह बाइक चालक का हुलिया पूरी तरह नहीं देख सके. शिकायत मिलने के बाद कुंडा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ बदमाशों की पहचान का प्रयास कर रही है.
