देवघर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा व समर्पण अभियान के तहत देवघर एम्स में बुधवार को नमो जल सेवा की शुरुआत होगी. सुबह 11:30 बजे मुख्य अतिथि गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे अमृत फार्मेसी के समीप तैयार वाटर गैलरी का उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर एम्स परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.
वाटर गैलरी में RO से शुद्ध होगा पानी
गोड्डा सांसद के प्रयास से तैयार की गयी वाटर गैलरी में वाटर काउंटर के साथ RO आधारित जल शुद्धिकरण की व्यवस्था की गयी है. नमो जल सेवा शुरू होने के बाद एम्स में इलाज और जांच के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को 24 घंटे नि:शुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जायेगा.
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए मरीजों या उनके परिजनों को पानी के लिए अलग से किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा.
मरीजों से लेकर दवा लेने वालों तक को मिलेगा लाभ
नमो जल सेवा का लाभ सिर्फ ओपीडी में आने वाले मरीजों तक सीमित नहीं रहेगा. एम्स में भर्ती मरीजों के परिजन और अमृत फार्मेसी से दवा लेने पहुंचने वाले लोग भी वाटर गैलरी से नि:शुल्क शुद्ध पेयजल ले सकेंगे.
एम्स में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन इलाज, जांच और दवा के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में 24 घंटे उपलब्ध रहने वाली यह जल सेवा उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है.
सेवा संचालन की तैयारी पूरी
नमो जल सेवा के संचालन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. वाटर गैलरी को इस तरह तैयार किया गया है कि एम्स आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को आसानी से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके.
सेवा व समर्पण अभियान के तहत शुरू की जा रही इस पहल को मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहत देने वाली महत्वपूर्ण सुविधा के तौर पर देखा जा रहा है.
