11 माह से कमीशन बकाया, अगस्त का अनाज भी अटका; पीडीएस दुकानदारों ने आंदोलन की दी चेतावनी

मधुपुर में पीडीएस डीलरों ने 11 महीने का कमीशन न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है. डीलरों ने बीसीओ पर अवैध वसूली और अनाज कम देने का गंभीर आरोप लगाया है.

मधुपुर : शहर के बेलपाड़ा स्थित एक निजी सभागार में मंगलवार को जन वितरण प्रणाली दुकानदार संघ की बैठक जिलाध्यक्ष अभय चंद्र झा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में पीडीएस दुकानदारों का 11 माह का कमीशन बकाया रहने पर आक्रोश व्यक्त किया गया. वहीं, जिलाध्यक्ष अभय चंद्र झा ने कहा कि पिछले 11 माह से पीडीएस दुकानदारों को कमीशन नहीं मिलने के कारण भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रखंडों के बीसीओ द्वारा प्रत्येक बोरा अनाज के लिए 15 से 20 रुपये की अवैध वसूली की जाती है. राशि नहीं देने पर दुकान निलंबित करने की धमकी दी जाती है.

गोदाम मैनेजर पर कम अनाज देने का आरोप, सीएम से शिकायत

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गोदाम मैनेजर द्वारा प्रत्येक बोरे में दो से तीन किलो अनाज कम दिया जाता है. बैठक में दुकानदारों से दुर्व्यवहार करने समेत अन्य आरोपों को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री, प्रदेश के खाद्य आपूर्ति मंत्री सहित संबंधित वरीय अधिकारियों को संयुक्त हस्ताक्षरित पत्र भेजा गया है. दुकानदारों ने पत्र में कहा है कि अगस्त 2026 का खाद्यान्न अब तक जन वितरण प्रणाली दुकानदारों तक नहीं पहुंचा है, जिससे काफी परेशानी हो रही है.

अनाज की मांग को लेकर दुकानदारों ने आंदोलन की दी चेतावनी

दुकानदारों ने तत्काल अनाज उपलब्ध कराने के साथ ही वितरण की अवधि बढ़ाने की मांग की है. मांग नहीं माने जाने पर आगे आंदोलन करने की चेतावनी दिया गया है. मौके पर संघ के नगर अध्यक्ष अरविंद यादव, गोपाल प्रसाद भगत, पवन कुमार बर्णवाल, विनोद कुमार राय, पार्वती देवी, पदमा देवी, मोतीलाल साह, मनजीत मोदी, गीता देवी, महमूद अंसारी, राजेश कुमार गुप्ता, सुमन देवी मोदी, दीपक पासवान, शबाना यासमीन, नजमा बेगम, शकीर अनवर, श्याम सुंदर आदि मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Balram

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >