संजीत मंडल
Deoghar: जिले में पेट्रोल और डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए डीसी शशि प्रकाश सिंह ने गुरुवार को जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की. बैठक में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम, रिलायंस, नायरा एनर्जी सहित जिले के सभी पेट्रोल पंप प्रतिनिधि शामिल हुए. समीक्षा के दौरान आइओसीएल अधिकारियों ने डीसी को जानकारी दी कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर समय पर आपूर्ति की जा रही है. पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है. डीसी ने सभी कंपनियों को निर्देश दिया कि आपूर्ति श्रृंखला में किसी भी स्तर पर बाधा नहीं आनी चाहिए.
कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई
डीसी ने देवघर और मधुपुर के अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों की कड़ी निगरानी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जमाखोरी, कृत्रिम किल्लत पैदा करने या ऊंचे दामों पर ईंधन बेचने वालों के खिलाफ जांच कर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करवायें और सख्त कानूनी कार्रवाई करें.
112 पर करें शिकायत
उन्होंने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की. उन्होंने कहा कि यदि किसी पेट्रोल पंप पर कटौती, ईंधन देने से इनकार या किसी प्रकार की अव्यवस्था दिखे तो लोग तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 पर शिकायत दर्ज कराएं. प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जायेगी.
हाइलाइट्स
- जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य.
- पेट्रोल-डीजल की जमाखोरी की तो सीधे होगी कानूनी कार्रवाई
- एसडीओ को लगातार निगरानी का निर्देश.
- शिकायत मिलने पर तुरंत होगी कार्रवाई.
ये भी पढ़ें...
बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था युवक, दूसरे दिन जोरिया के पास मिला शव
रांची से आयी टीम ने कस्तूरबा की छात्राओं से सुविधा और व्यवस्था की ली जानकारी
