संवाददाता, देवघर : श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुगम व सुरक्षित जलार्पण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी गयी है. इसी क्रम में शनिवार को डीसी सौरभ कुमार भुवानिया व एसपी प्रवीण पुष्कर ने अधिकारियों की टीम के साथ बाबा मंदिर परिसर तथा आसपास की गलियों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया. साथ ही श्रद्धालुओं को होने वाली संभावित परेशानियों को चिह्नित कर उनके समाधान पर भी चर्चा की गयी. अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया. डीसी ने कहा कि श्रावणी मेला शुरू होने में अब लगभग दो माह का समय शेष है. ऐसे में किसी बड़े या मूलभूत ढांचागत परिवर्तन की संभावना सीमित है, लेकिन उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के माध्यम से श्रद्धालुओं को अधिकतम सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि मंदिर के इंट्री प्वाइंट से लेकर एग्जिट प्वाइंट तक का निरीक्षण किया गया है और जहां-जहां कमियां पायी गयी हैं, उन्हें तत्काल दूर करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है. उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि बाबा नगरी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को कतारबद्ध दर्शन, सुरक्षित आवागमन और आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हो सकें. इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यों को गति दी जा रही है. श्रावणी मेला के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन तैयारी के प्रत्येक पहलू पर विशेष नजर रख रहा है. प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना है. निरीक्षण के दौरान एसडीओ रवि कुमार, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, एसडीपीओ, डीपीआरओ सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
मेला की तैयारी में लापरवाही व शिथिलता बर्दाश्त नहीं
डीसी ने श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लेते हुए शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क, क्यू कॉम्प्लेक्स, फुट ओवरब्रिज, शीघ्रदर्शनम् व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता तथा बाबा मंदिर प्रांगण में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को उपलब्ध करायी जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा की. अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरती जाये.
हाइलाइट्सश्रावणी मेला 2026 : डीसी-एसपी ने बाबा मंदिर व आसपास की गलियों का किया निरीक्षण
बाबा मंदिर परिसर के साथ आसपास की गलियों का भी लिया जायजाभीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, पेयजल व स्वच्छता व्यवस्था पर हुई चर्चा
संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश