मधुपुर. प्रखंड क्षेत्र के पटवाबाद स्थित खेल मैदान में अल फलाह व अल खिदमत कमेटी के तत्वावधान में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. टूर्नामेंट में कुल छह टीमों ने हिस्सा लिया. टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व वार्ड पार्षद शबाना परवीन ने किया. टूर्नामेंट का पहला मैच अचीवर्स टाइटंस और उड़ान क्लासेज के बीच खेला गया. टॉस जीतकर उड़ान क्लासेज की टीम ने पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए अचीवर्स टाइटंस ने निर्धारित आठ ओवर में छह विकेट खोकर 115 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी उड़ान क्लासेज की टीम आठ ओवर में चार विकेट खोकर 72 रन ही बना सकी. इस प्रकार अचीवर्स टाइटंस ने 43 रन से मैच जीत लिया. अचीवर्स टाइटंस के इनायत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया. टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला हसन एलेवन और रेड राइडर्स के बीच खेला गया. हसन एलेवन ने आठ ओवर में 138 रन का लक्ष्य खड़ा किया. जवाबी पारी खेलने उतरी रेड राइडर्स की टीम ने सात ओवर चार गेंद में ही लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया. रेड राइडर्स के सरफराज को मैन ऑफ द मैच चुना गया. टूर्नामेंट के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया. इसको सफल बनाने में कमेटी के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. मौके पर मो श्याम, मन्नू ठाकुर, अनवर अंसारी, सलाउद्दीन, रिवाज़ुद्दीन, अलीम समेत खेल प्रेमी मौजूद थे.
अचीवर्स टाइटंस और रेड राइडर्स ने अपने मैच जीते
मधुपुर के पटवाबाद खेल मैदान में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन
