देवघर . राजकीय श्रावणी मेले में संचालित विशेष हेलीकॉप्टर सेवा गुरुवार को सरस कुंज के दिव्यांग एवं स्पेशल बच्चों के लिए खुशियों की उड़ान बन गयी . उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की पहल पर सरस कुंज के 25 बच्चों को नि:शुल्क हेलीकॉप्टर से हवाई यात्रा करायी गयी . बच्चों ने आसमान से बाबाधाम और देवघर की खूबसूरती को निहारा और इस अनूठे अनुभव का जमकर आनंद लिया .
हेलीकॉप्टर ने भरी उड़ान, चेहरों पर छायी मुस्कान
उपायुक्त की सोच थी कि श्रावणी मेले के दौरान आम श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए उपलब्ध करायी गयी हवाई सेवा का लाभ समाज के विशेष बच्चों को भी मिले . इसी उद्देश्य से सरस कुंज के बच्चों को हेलीकॉप्टर की सैर कराने की पहल की गयी . सभी सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखते हुए 25 बच्चों को बारी-बारी से हवाई यात्रा करायी गयी. जैसे ही हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी, बच्चों के चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे .
आकाश से देखा बाबाधाम, बताया जीवन का यादगार पल
हेलीकॉप्टर से उड़ान के दौरान बच्चों ने ऊपर से देवघर और बाबाधाम की मनोरम छटा देखी . उनके लिए यह अनुभव बेहद खास और रोमांचकारी रहा . हवाई यात्रा के बाद बच्चों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए इसे जीवन के यादगार पलों में से एक बताया . बच्चों और सरस कुंज के संचालकों ने इस संवेदनशील पहल के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के प्रति आभार जताया .
धार्मिक पर्यटन के साथ सुलभता को भी बढ़ावा
ज्ञात हो कि झारखंड सरकार और नागर विमानन (JFI) के सौजन्य से राजकीय श्रावणी मेले के दौरान देवघर में विशेष हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की जा रही है . इसका उद्देश्य वृद्ध, दिव्यांग श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को कम समय में सुरक्षित एवं सुलभ हवाई दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है . जिला प्रशासन की इस पहल से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ समाज के विशेष वर्गों को भी मेले की सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है .
इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अंचलाधिकारी देवघर अनिल कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सरस कुंज के बच्चे मौजूद रहे .
