देवघर . राजकीय श्रावणी मेला के 23वें दिन शुक्रवार को बाबा नगरी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा . प्रातः 4:08 बजे बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पट खुलते ही कांवरियों ने जयघोष के साथ जलार्पण शुरू कर दिया . सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर पहुंचे शिवभक्तों से पूरा रूट लाइन बोल-बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा .
बीएड कॉलेज से बाबा मंदिर तक लगी कांवरियों की कतार
बीएड कॉलेज से लेकर बाबा मंदिर तक कांवरियों की कतार लगातार आगे बढ़ती रही . प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्था के कारण श्रद्धालु अनुशासित और कतारबद्ध होकर बाबा पर जलार्पण करते नजर आये . श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए रूट लाइन में लगातार निगरानी की जाती रही .
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस टीम पूरी तरह मुस्तैद रही . अधिकारियों और जवानों की टीम लगातार मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखती रही .
QRT और पुलिस बल की तैनाती, रूट लाइन पर कड़ी निगरानी
कांवरिया पथ और मेला क्षेत्र में त्वरित प्रतिक्रिया टीम QRT, पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती जारी रही . रूट लाइन के विभिन्न हिस्सों में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके .
22वें दिन 2.26 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण
श्रावणी मेला के 22वें दिन गुरुवार को कुल 2,26,747 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया . इनमें 12,867 श्रद्धालुओं ने शीघ्र दर्शनम कूपन, 1,01,283 श्रद्धालुओं ने बाह्य अर्घा और 1,12,597 श्रद्धालुओं ने आंतरिक अर्घा के माध्यम से बाबा पर जल चढ़ाया .
सुगम जलार्पण और सुरक्षित आवागमन पर प्रशासन का फोकस
23वें दिन भी प्रशासन का मुख्य फोकस श्रद्धालुओं को सुगम जलार्पण, सुरक्षित आवागमन और बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर रहा . कांवरियों की बढ़ती भीड़ के बीच प्रशासनिक और पुलिस टीम पूरी तरह सतर्क रही . बोल-बम और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा बाबा नगरी क्षेत्र भक्तिमय बना रहा .
