सारठ: सारठ-देवघर एनएच 114ए भारत गैस एजेंसी के पास अज्ञात वाहन के चपेट में आने से नावाडीह निवासी अमन कुमार राय (38 वर्ष ) बुरी तरह घायल हो गया. स्थानीय लोगो एवं परिजनों ने आनन-फानन में सारठ सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल देवघर रेफर कर दिया. जहां ईलाज के क्रम में मौत हो गई.
मृतक के बड़े भाई सुमन कुमार राय ने बताया कि सुबह किसी काम से अमन सड़क के तरफ गया था जहां अज्ञात वाहन के धक्के से बुरी तरह घायल हो गया. घायलावस्था में सीएचसी सारठ ले गए. प्राथमिक उपचार के बाद देवघर रेफर कर दिया. अमन के सिर पर गंभीर चोट लगी थी इलाज के क्रम में देवघर में मौत हो गई. इधर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, मृतक अपने पीछे विधवा पत्नी, तीन मासूम बच्चे एवं बूढ़े मां-बाप को छोड़ गए हैं.
एक तरफ जहां अमन के पिता केशव प्रसाद राय अपने बेटे के खोने के गम में विलख रहे थे. वहीं अन्य परिजनों के चित्कार से माहौल गमगीन हो गया. घटना की सूचना मिलने पर पूर्व कृषि मंत्री बादल ने नावाडीह गांव पहुंच कर शोक-संतप्त परिजनों को सांत्वना दिया और पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन किए.
घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अमन बहुत होनहार और सामाजिक लड़का था,इस तरह असामयिक निधन से परिजनों को गहरा आघात लगा है. वहीं उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में आपके साथ हैं. सरकार से हर संभव मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा, मौके पर समाजसेवी व मुखिया प्रत्याशी कौशल राय, मुखिया प्रतिनिधि शंभू हाजरा, अनिल कुमार राय समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे.
