देवघर से संजीत मंडल की रिपोर्ट
Deogarh News: एम्स देवघर में आयुष्मान भारत योजना के तहत आने वाले मरीजों की सुविधा के लिए 24×7 सेवा काउंटर और वेटिंग लाउंज की शुरुआत की गई है. यह सुविधा अस्पताल भवन में इमरजेंसी ब्लॉक के पास स्थापित की गई है, जिसका उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले मरीजों को एक ही स्थान पर सभी जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराना है. इस सुविधा का उद्घाटन कार्यकारी निदेशक सह सीइओ प्रो(डॉ) नितिन एम गंगने, डीन एकेडमिक्स प्रो(डॉ) हरमिंदर सिंह और मेडिकल सुप्रीटेंडेंट प्रो(डॉ) राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक, अधीक्षण अभियंता, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे.
मरीजों को क्या लाभ मिलेगा
नए सेवा काउंटर से आयुष्मान भारत योजना के मरीजों को अब 24 घंटे सहायता मिलेगी. यहां पंजीकरण, योजना से जुड़ी जानकारी, इलाज प्रक्रिया और अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी. इससे मरीजों को अलग-अलग काउंटरों पर भटकने की परेशानी नहीं होगी और पूरी प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी बनेगी.
दूर-दराज के मरीजों को राहत
अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी. समय पर सहायता मिलने से मरीजों को इलाज में तेजी और सुविधा दोनों मिलेंगी. अधिकारियों ने मरीजों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है. नई व्यवस्था से एम्स देवघर की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सशक्त और आधुनिक होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: झारखंड के राष्ट्रीय राजमार्गों पर बारिश में नहीं रुकेगा सफर, NHAI ने शुरू किया ड्रेनेज सफाई का विशेष अभियान
यह भी पढ़ें: Dhanbad: युवा संगम में मध्य प्रदेश का 56 सदस्यीय दल पहुंचा IIT धनबाद, झारखंड की संस्कृति से हुए रू-ब-रू
