गोचर जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम, ग्रामीणों के विरोध के बाद रुकी कार्रवाई

कुंडा थाना क्षेत्र के कर्णकोल गांव में तालाब के पास गोचर जमीन पर अतिक्रमण हटाने के आदेश के बाद दंडाधिकारी, कुंडा पुलिस व प्रशासनिक टीम जेसीबी के साथ पहुंची.

वरीय संवाददाता, देवघर . कुंडा थाना क्षेत्र के कर्णकोल गांव स्थित तालाब के बगल की गोचर जमीन पर अतिक्रमण हटाने के आदेश के बाद शनिवार को दंडाधिकारी, कुंडा थाना पुलिस, पुलिसकर्मियों व जेसीबी के साथ प्रशासनिक टीम वहां पहुंची. हालांकि कार्रवाई के दौरान टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा, जिसके कारण कार्रवाई आंशिक रूप से ही हो सकी. जानकारी के अनुसार, गोचर जमीन पर कुछ लोगों के घर बनाये जाने की शिकायत के बाद संबंधित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का आदेश जारी किया गया था.

इसी के अनुपालन में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की. कार्रवाई के दौरान बायीं ओर स्थित एक खपरैल मकान को ध्वस्त कराया गया. हालांकि, जमीन के दायीं ओर लगभग 30 से 40 लोगों के घर बने हुए हैं. इन मकानों को हटाने के दौरान ग्रामीणों ने विरोध जताया, जिससे प्रशासनिक टीम आगे की कार्रवाई नहीं कर सकी. विरोध की स्थिति को देखते हुए टीम को वापस लौटना पड़ा. अतिक्रमण हटाने के लिए दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस बल को तैनात किया गया था. फिलहाल गोचर जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी है.

हाइलाइटर

॰कर्णकोल गांव में तालाब के बगल स्थित गोचर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंची प्रशासनिक टीम॰विरोध के बीच एक खपरैल के मकान को हटाया गया

॰30 से 40 घरों पर नहीं हो सकी कार्रवाई

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashish kundan

आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >