Deoghar News : शराब के नशे में हंगामा कर रहा था युवक, जांच में निकला साइबर आरोपी

सारठ थाना क्षेत्र में शराब पीकर हंगामा और गाली-गलौज करने की सूचना पर पुलिस ने जिस युवक को हिरासत में लिया था, जांच के दौरान उसके साइबर अपराध से जुड़े होने का खुलासा हुआ.

वरीय संवाददाता, देवघर : सारठ थाना क्षेत्र में शराब पीकर हंगामा और गाली-गलौज करने की सूचना पर पुलिस ने जिस युवक को हिरासत में लिया था, जांच के दौरान उसके साइबर अपराध से जुड़े होने का खुलासा हुआ. इसके बाद साइबर थाना, देवघर में मामला दर्ज कर चरकमारा निवासी शुभम कुमार दास को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया है. जानकारी के अनुसार, 28 मई की रात सारठ थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि चरकमारा गांव में एक युवक शराब के नशे में लोगों के साथ गाली-गलौज व हंगामा कर रहा है. सूचना मिलने पर पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाना लायी. पूछताछ और जांच के दौरान उसके पास से मिले मोबाइल फोन की पड़ताल की गयी. पुलिस मीडिया सेल द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, मोबाइल की तकनीकी जांच में साइबर अपराध से जुड़े तथ्य सामने आये. इसके बाद साइबर थाने की पुलिस की जांच में साइबर ठगी से जुड़े होने की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी. पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया. जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड का उपयोग साइबर अपराध से जुड़े मामलों में होने की बात सामने आयी है. पुलिस अब उससे जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क और गतिविधियों की भी जांच कर रही है. छापेमारी दल में सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह, एएसआइ रामवृक्ष सिंह तथा थाना की पुलिस टीम शामिल थी. हाइलाइट्स सारठ पुलिस की कार्रवाई में खुला राज, मोबाइल की पड़ताल से हुआ खुलासा चरकमारा निवासी शुभम कुमार दास गिरफ्तार, मोबाइल फोन व सिम कार्ड बरामद मोबाइल फोन व सिम कार्ड की जांच में साइबर ठगी से जुड़े साक्ष्य मिले

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashish kundan

आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >