सोनारायठाढ़ी में कर्मियों की कमी से लोगों को हो रही परेशानी

समय पर नहीं हो पाता है लोगों का काम काज

सोनारायठाढ़ी. सोनारायठाढ़ी अंचल कार्यालय में कर्मचारियों की भारी कमी के कारण आम लोगों को विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. अंचल क्षेत्र के अंतर्गत कुल 12 पंचायतें हैं, जिनमें 214 मौजा शामिल हैं, जिसमें 195 चिरागी और 19 बेचिरागी गांव है. बताया गया कि कई मौजों का खतियान उपलब्ध नहीं है, जबकि कुछ मौजों के खतियान उपलब्ध तो हैं, लेकिन वे काफी जर्जर अवस्था में हैं. इससे भूमि संबंधित रिकॉर्ड के सत्यापन और अन्य कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है. वर्तमान में 214 मौजों के लिए मात्र तीन अंचल उप निरीक्षक ही कार्यरत हैं. कर्मचारियों की इस कमी के कारण जाति, आवासीय प्रमाण पत्र, भूमि संबंधी कार्य और अन्य प्रशासनिक सेवाएं समय पर पूरी नहीं हो पा रही हैं, जिससे लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. इस संबंध में अंचल उप निरीक्षक फ्रांसिस किस्कू ने बताया कि कई मौजों के खतियान कार्यालय में उपलब्ध नहीं हैं. इसके लिए जिला महालेखाकार विभाग, देवघर से मांग की गयी है. उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी मौजों के खतियान उपलब्ध होने की उम्मीद है, जिससे लोगों के कार्य समय पर निपटाए जा सकेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Laxman choudhary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >