Deoghar News : पति से विवाद के बाद महिला ने ट्रेन से कटकर दी जान

देवघर-दुमका रेलखंड में रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बंदरा गांव के पास स्थित रेल पुल के समीप एक महिला ने ट्रेन से कटकर जान दे दी.

प्रतिनिधि, मोहनपुर : देवघर-दुमका रेलखंड में रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बंदरा गांव के पास स्थित रेल पुल के समीप एक महिला ने ट्रेन से कटकर जान दे दी. मृतका की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के डूमरथर गांव निवासी शक्ति यादव की 35 वर्षीय पत्नी हीरा देवी के रूप में की गयी है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार की सुबह पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद हुआ था, जिसके बाद हीरा देवी अपने मायके रिखिया थाना क्षेत्र के रांगी बांध गांव चली गयी थी. वहां परिजनों से मिलने के बाद वह घर से निकल गयी और देवघर से दुमका जा रही पैसेंजर ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गये. वहीं रेल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी रिखिया थाना को दी गयी. इसके बाद रिखिया थाना के एसआइ अनिल गुप्ता समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. मृतका के भतीजे चंदन कुमार ने बताया कि हीरा देवी की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी, इसी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर छोटे-छोटे विवाद होते रहते थे. रविवार सुबह भी किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. आशंका जतायी जा रही है कि मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद के कारण महिला ने यह कदम उठाया. घटना की सूचना महिला के पति को दे दी गयी थी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक वह घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे. इधर, घटना के बाद मृतका के पुत्र-पुत्री समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Shrawan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >