Deoghar News : अधिकारियों ने नालियों से उठाया कचरा, सड़क पर झाड़ु लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

बाबा मंदिर प्रशासन के तत्वावधान में मंगलवार को जिला प्रशासन की ओर से बाबा मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर वृहद विशेष सफाई अभियान चलाया गया.

संवाददाता, देवघर : सुबह की पहली किरण के साथ बाबा नगरी की गलियों में एक अलग ही तस्वीर नजर आयी. हाथों में झाड़ू, चेहरे पर जिम्मेदारी और मन में स्वच्छ देवघर का संकल्प लिये अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संगठन और आम नागरिक सड़कों पर उतर पड़े. कहीं नालियों से कचरा निकाला जा रहा था, तो कहीं मंदिर परिसर और सार्वजनिक स्थलों को चमकाने की मुहिम चल रही थी. यह सिर्फ सफाई अभियान नहीं, बल्कि स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त देवघर के सपने को साकार करने की सामूहिक पहल थी, जिसमें प्रशासन और जनता ने मिलकर बदलाव का संदेश दिया.

बाबा मंदिर प्रशासन के तत्वावधान में मंगलवार को जिला प्रशासन की ओर से बाबा मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर वृहद विशेष सफाई अभियान चलाया गया. डीसी शशि प्रकाश सिंह के निर्देश पर सुबह 5:30 बजे से शुरू हुए इस अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया. अभियान के दौरान बाबा मंदिर परिसर, शिवगंगा, मानसिंघी तालाब, नेहरू पार्क, जलसार और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गयी. अभियान का उद्देश्य देवघर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाना था, ताकि बाबा नगरी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को साफ-सुथरा वातावरण मिल सके.

झाड़ू लेकर अधिकारियों ने किया श्रमदान

विशेष सफाई अभियान में जिले के कई वरीय अधिकारियों ने श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया. डीडीसी पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, देवघर एसडीओ रवि कुमार, एसडीपीओ अशोक कुमार, डीपीआरओ सहित कई अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी निभायी. अधिकारियों ने झाड़ू लगाकर और कचरा उठाकर आम लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया.

सामाजिक संस्थाओं के साथ नागरिकों की रही भागीदारी

देवघर डीसी की अपील पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. अभियान में पंडा धर्मरक्षिणी सभा, देवघर चेंबर ऑफ कॉमर्स, संथाल परगना चेंबर, रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला खेल प्राधिकरण, इनर व्हील क्लब, रोटरी क्लब, लोक प्रेरणा समाधान, लायंस क्लब समेत कई स्वयंसेवी संस्थाओं ने श्रमदान किया. इस दौरान लोगों ने स्वच्छता को लेकर जागरूकता संदेश भी दिया. उपस्थित लोगों ने देवघर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त रखने की शपथ ली तथा लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर प्लास्टिक और कचरा नहीं फेंकने की अपील भी की.

डीसी ने जताया आभार, कहा : सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ बनेगा देवघर

विशेष सफाई अभियान की सफलता पर डीसी शशि प्रकाश सिंह ने सभी अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि आम जनता और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग के बिना देवघर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का सपना पूरा नहीं हो सकता. उन्होंने कहा कि व्यापारियों, युवाओं और धार्मिक प्रतिनिधियों का एक साथ आकर श्रमदान करना बेहद प्रेरणादायक है. जिला प्रशासन आगे भी ऐसे सामूहिक अभियान चलाता रहेगा, ताकि देवघर को स्वच्छ, हरा-भरा और प्लास्टिक मुक्त शहर के रूप में विकसित किया जा सके.

हाइलाइट्स

स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के संकल्प के साथ बाबा मंदिर समेत अन्य इलाकों में चला वृहद सफाई अभियान

देवघर डीसी के निर्देश पर सुबह 5:30 बजे से शुरू हुआ अभियान

बाबा मंदिर, शिवगंगा, मानसिंघी तालाब समेत अन्य क्षेत्रों में हुई सफाई

अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने किया श्रमदान

लोगों ने स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त देवघर बनाने की ली शपथ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIJAY KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >