देवघर: श्रावणी मेला के दौरान मंगलवार देर शाम बेलाबागान स्थित फॉरेस्ट ऑफिस के पास तेज रफ्तार कार ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ऑटो सवार दो कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है. जांच के दौरान पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार से दो कार्टन अंग्रेजी शराब और एक कार्टन बीयर बरामद की है. घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
पूजा-अर्चना के बाद रेलवे स्टेशन जा रहे थे 5 साथी
जानकारी के अनुसार, घायल कांवरियों की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के मझार गांव निवासी राम बाबू भगत और राजन कुमार के रूप में हुई है. दोनों अपने पांच साथियों के साथ बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद ऑटो से जसीडीह रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहे थे.
इसी दौरान जसीडीह की ओर से देवघर आ रही कार (जेएच-15 एएम-6017) ने बेलाबागान फॉरेस्ट ऑफिस के पास ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा मंगलवार देर शाम करीब आठ बजे हुआ. घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया. पुलिस जांच के दौरान कार से दो कार्टन अंग्रेजी शराब और एक कार्टन बीयर बरामद हुई. नगर थाना पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है. पूरे मामले की जांच की जा रही है.
मेला क्षेत्र में कार से शराब मिलने पर उठे सवाल
श्रावणी मेला क्षेत्र में शराब बिक्री पर प्रतिबंध है. झारखंड सरकार की ओर से मेला क्षेत्र में शराब की बिक्री पर रोक लगायी गयी है. ऐसे में कार से बड़ी मात्रा में शराब और बीयर बरामद होने के बाद सवाल उठने लगे हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां ले जायी जा रही थी. सूत्रों के अनुसार, कार में बरामद शराब को देवघर कॉलेज के समीप ले जाने की योजना थी, जहां मेला क्षेत्र में अवैध बिक्री की आशंका जतायी जा रही है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
