पालोजोरी : थाना क्षेत्र के बाघमारा गांव में रविवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई. दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियार से वार कर दो महिला सहित छह लोगों को जख्मी कर दिया है. एक की हालत नाजुक बतायी जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया है. घायलों में लक्ष्मण यादव, श्यामसुन्दर यादव, गोपाल यादव, नवल यादव, आनंदी देवी व सुमंती देवी शामिल हैं, जिन्हें जिसे स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए सीएचसी पालोजोरी पहुंचाया. गंभीर रूप से घायल गोपाल यादव को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. गोपाल के सिर में गंभीर चोट है.
इस संबंध में घायल लक्ष्मण यादव ने बताया कि दूसरी जगह पर घर बना रहे हैं. निर्माण कार्य जारी रहने के कारण रात को वहीं सोने चले जाते हैं. रविवार की सुबह जब वे लोग वहां से लौट रहे थे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि वे लोग हमारी जमीन पर जबरन घर बना रहे हैं. मना करने पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. समाचार भेजे जाने तक प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी.
