देवघर से आशीष कुंदन की रिपोर्ट
जिस नशे की आदत से छुटकारा दिलाने के लिए परिजनों ने 14 वर्षीय किशोर को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था, वहीं उसकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया. उन्होंने नशा मुक्ति केंद्र के संचालकों पर पिटाई कर किशोर की जान लेने का आरोप लगाया है.
जसीडीह थाना क्षेत्र के डाबरग्राम पुलिस लाइन के पास बीएड कॉलेज के सामने स्थित देवघर रुद्रा फाउंडेशन के तहत संचालित नशा मुक्ति केंद्र में यह घटना हुई. मृतक नगर थाना क्षेत्र के झोसागढ़ी इलाके का रहने वाला था.
चार-पांच दिन पहले कराया गया था भर्ती
जानकारी के अनुसार, परिजनों ने चार-पांच दिन पहले ही किशोर को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था. किशोर की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजन केंद्र पहुंचे और जमकर हंगामा किया.
परिजनों का आरोप है कि मृतक की पीठ सहित शरीर के पिछले हिस्से में पिटाई के जख्म और लाल दाग थे. उनका दावा है कि सुबह किशोर की पिटाई कर उसकी हत्या की गई और घटना को छिपाने की कोशिश की गई.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना पर जसीडीह थाना से एसआई रामानुज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की. पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया. इसके बाद शव का पंचनामा किया गया. वहीं नशा मुक्ति केंद्र में मौजूद एक कर्मी से पुलिस पूछताछ कर रही है. समाचार लिखे जाने तक जसीडीह थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
