मारगोमुंडा : मारगोमुंडा में सीएसपी से 2.95 लाख की डकैती, बिना नंबर के बाइक से दिया गया वारदात को अन्जाम
मारगोमुंडा : थाना क्षेत्र के खरजोरी स्थित इलाहाबाद बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र में नकाबपोश अपराधियों ने दिन दहाड़े धावा बोलकर हथियार के बल पर 2 लाख 95 हजार नकदी, एक लैपटॉप व दो मोबाइल डकैती कर ली. घटना के संबंध में बताया जाता है कि करीब 11 बजे दो बाइक(बिना नंबर वाली) पर सवार […]
मारगोमुंडा : थाना क्षेत्र के खरजोरी स्थित इलाहाबाद बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र में नकाबपोश अपराधियों ने दिन दहाड़े धावा बोलकर हथियार के बल पर 2 लाख 95 हजार नकदी, एक लैपटॉप व दो मोबाइल डकैती कर ली. घटना के संबंध में बताया जाता है कि करीब 11 बजे दो बाइक(बिना नंबर वाली) पर सवार होकर आधा दर्जन अपराधी सीएसपी केंद्र के पास आये.
इनमें चार अपराधी नकाब पहन कर केंद्र के अंदर घुसे और पिस्टल लहराते हुए केंद्र के संचालिका लक्ष्मी देवी व उसके पति अशोक मिस्त्री को धमकाया. अपराधियों ने कहा कि जान प्यारी है तो आसानी से रुपये दे दो. इसी दौरान अपराधियों ने केंद्र के कैस काउंटर में रखे 2 लाख 95 हजार नकदी, कर्मियों के दो मोबाइल और केंद्र का लैपटॉप ले गये.
इस बीच दो अपराधी बाहर में दो बाइक स्टार्ट रखे हुए थे और महज पांच मिनट में ही अपराधियों ने केंद्र में डकैती कर पिपरा के रास्ते भाग निकले. इस दौरान केंद्र संचालक को कमरे के अंदर ही बंद कर दिया और बाहर से दरवाजे पर कुंडी लगा दी. अपराधियों के जाने के बाद कर्मी ने हो हल्ला किया. कर्मी की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण आये और दरवाजा खोलकर केंद्र के संचालक व उसकी पत्नी को बाहर निकाला.
केंद्र संचालिका लक्ष्मी देवी ने बताया कि अपराधियों ने लाल रंग का अपाचे व आसमानी रंग का केटीएम कंपनी की बाइक थी.
दोनों बाइक में नंबर नहीं लिखा हुआ था. घटना की जानकारी मिलते ही मधुपुर एसडीपीओ अरविंद उपाध्याय, पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार मल्लिक, मारगोमुंडा थाना प्रभारी पीसी सिन्हा व मधुपुर के इंस्पेक्टर इंचार्ज सत्येंद्र प्रसाद आदि दलबल के साथ केंद्र में पहुंच कर संचालिका लक्ष्मी देवी व ग्रामीणों से पूछताछ की. इस दौरान संचालिका को अपराधियों को फाइल फोटो दिखा कर पहचान करने का प्रयास किया गया. हालांकि संचालिका ने चेहरे को नहीं पहचाना. लेकिन उसके हुलिया के बारे में बताया.