देवघर : हथिया नक्षत्र में भी बारिश नहीं खेतों में दरार से किसान चिंतित

देवघर : हथिया नक्षत्र के तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अबतक बारिश नहीं हुई है. जिले भर में सितंबर माह में लक्ष्य के अनुसार 25 फीसदी से भी कम बारिश हुई है. कृषि विभाग के अांकड़ों के अनुसार इस माह 276 एमएम बारिश की जरूरत थी, लेकिन अभी तक 65 फीसदी ही बारिश छिटपुट […]

देवघर : हथिया नक्षत्र के तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अबतक बारिश नहीं हुई है. जिले भर में सितंबर माह में लक्ष्य के अनुसार 25 फीसदी से भी कम बारिश हुई है.
कृषि विभाग के अांकड़ों के अनुसार इस माह 276 एमएम बारिश की जरूरत थी, लेकिन अभी तक 65 फीसदी ही बारिश छिटपुट इलाके में हुई है. हथिया नक्षत्र शेष आठ दिन बचे हैं. अगर इस दौरान भी बारिश नहीं हुई, तो धान के पैदावार की थोड़ी संभावना भी खत्म हो जायेगी. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, जिले भर में लगभग 50 फीसदी धान की फसलें सूखे की चपेट में आने से नष्ट हो चुकी है.
पानी के अभाव में खेतों पर दरारें पड़ी चुकी है. अधिकांश हिस्से में धान के पौधे सूख कर पीले हो चुके हैं. कृषि विभाग ने सूखे की स्थिति की रिपोर्ट का आकलन शुरू कर दिया है. जिला कृषि पदाधिकारी आरपी सिंह ने सभी प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारियों से सर्वे कर रिपोर्ट मांगी है. प्रखंड के किसान इलाके में अधिक नुकसान हुआ है, उसका पूरा ब्योरा मांगा गया है. तीन दिनों के अंदर सूखे की रिपोर्ट तैयार कर राज्य मुख्यालय को भेजी जायेगी.
पंप सेट के जरिये हो रही सिंचाई
बारिश नहीं होने से इन दिनों तालाब, जोरिया, कुआं व नदियों से किसान पंपसेट के जरिये खेतों तक पानी पहुंचा रहे हैं. किसानों को महंगे दर पर डीजल व केरोसिन खरीदकर सिंचाई करनी पड़ रही है. जिले भर में लगभग प्रखंडों में पानी के अभाव में खेती प्रभावित है. देवघर प्रखंड के जोगडीहा गांव में कई एकड़ खेतों में दरार पड़ चुकी है. जोगडीहा के किसान सुजीत राय ने बताया कि बारिश नहीं होने से हमारी चिंता बढ़ गयी है. खेतों में दरार आ गयी है. धान की फसल सूखने लगी है. अगर अब भी बारिश नहीं हुई, तो फसल पूरी तरह बर्बाद हो जायेगी.
देवीपुर में सूखे से किसान परेशान
देवीपुर. सिंचाई सुविधा से वंचित, देवीपुर प्रखंड क्षेत्र के किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है. अल्पवृष्टि तथा सूखे के कारण धान की फसल सूख रही है. खेतों में पानी नहीं है व जमीन में दरार आ गयी है. अगर जल्द सिंचाई की कोई व्यवस्था नहीं हुई तो किसान पलायन को मजबूर होंगे. कम बारिश होने से धान का पौधा सूख कर पीला हो गया है. किसानों का कहना है कि अगर दो-चार दिन के अंदर बारिश नहीं हुई, तो हालत और भी खराब हो जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >