कुंडा मोड़ में सड़क पर शव रख एक घंटे किया जाम

देवघर : कुंडा थाना क्षेत्र के कोड़ाडीह गांव निवासी राजमिस्त्री संजय पासवान के शव के साथ परिजनों व आक्रोशित ग्रामीणों ने पुराना कुंडा थाने के समीप देवघर-सारठ मुख्य मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया. मृतक के परिजन व अाक्रोशित ग्रामीण मुआवजा दिलाने व उसे ले जाकर हत्या करने वाले आरोपितों को गिरफ्तार […]

देवघर : कुंडा थाना क्षेत्र के कोड़ाडीह गांव निवासी राजमिस्त्री संजय पासवान के शव के साथ परिजनों व आक्रोशित ग्रामीणों ने पुराना कुंडा थाने के समीप देवघर-सारठ मुख्य मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया. मृतक के परिजन व अाक्रोशित ग्रामीण मुआवजा दिलाने व उसे ले जाकर हत्या करने वाले आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे. जाम की सूचना पर प्रभारी कुंडा थानेदार एसआइ विनय कुमार यादव, एएसआइ रामजी प्रसाद पुलिस बलों के साथ वहां पहुंचे.
लोगों से जाम हटाने का आग्रह किया, लेकिन वे लोग जाम हटाने को तैयार नहीं हुए. उधर जाम की सूचना पर नगर थाना प्रभारी विनोद कुमार, नगर इंस्पेक्टर टीएन झा, यातायात इंस्पेक्टर बाल्मीकि कुमार, जसीडीह थाने के एसआइ नारद पासवान, एएसआइ जीके मित्रा व अन्य पुलिस पदाधिकारी सशस्त्र बलों के साथ वहां पहुंचे. जसीडीह पुलिस ने अपने स्तर से तत्काल मृतक परिवार को पांच हजार रुपये की आर्थिक मदद देकर जाम हटाने का आग्रह किया.
बावजूद उनलोगों ने पुलिस की आग्रह को ठुकरा दिया. फिर पूर्व मंत्री सुरेश पासवान आये और सीओ से वार्ता कर पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20,000 रुपये की आर्थिक मदद, विधवा पेंशन व अन्य लाभ दिलाने का आश्वासन दिया. अपनी तरफ से पूर्व मंत्री ने पांच हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा किया. इसके बाद लोगों ने माना और शव उठाकर ले गये. इसके बाद मार्ग में आवागमन शुरू हो सका. जाम अपराह्न बाद चार बजे शुरू हुआ था तथा एक घंटे तक रहा. जाम में एंबुलेंस को भी रोक दिया.
पुत्र विशाल ने लगाया आरोप, राजू व अजय ने की हत्या: पुत्र विशाल ने बताया कि उसके पिता संजय राजमिस्त्री का काम करते थे. गांव का राजू दास व अजय दास उनके साथ मजदूर का काम करता था. बड़ी बहन की शादी में पिता ने उनलोगों से कर्ज के रूप में कुछ पैसा लिये थे. उसी लेनदेन में एक बार पूर्व में पिता के साथ उनलोगों का विवाद हुआ था, जिसमें समझौता भी हो गया था. आशंका है कि उसी विवाद में दोनों ने काम दिलाने के बहाने बुधवार सुबह पिता को घर से बुलाकर ले गये और हत्या कर शव को जलाने का प्रयास किया.
उनकी मोबाइल भी जला दी गयी थी. इसमें सीमकार्ड सुरक्षित था, जिसे पुलिस ने बरामद करने के बाद फोन कर मामले की जानकारी दी थी. जसीडीह पुलिस ने संजय का शव बुधवार को डिगरिया पहाड़ के समीप से बरामद किया था. इधर, क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य बिरजु राउत ने मृतक के परिजनों को सरकारी मदद देने व हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है.
चर्चा जोरों पर, हत्या के पीछे अवैध संबंध तो नहीं
लोगों के बीच जाम स्थल पर यह चर्चा जोरों पर थी कि इस हत्याकांड के पीछे का कारण कहीं अवैध संबंध तो नहीं रहा. हालांकि किसके बीच अवैध संबंध था, इस पर चर्चा करने वाले लोग चुप्पी साध गये. अगर पुलिस इस बिंदु को ध्यान में रखकर गहराई से अनुसंधान करे, तो कुछ सुराग हाथ लग सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >