देवघर : सरकारी दुकानों में अधिक कीमत पर शराब बिक रही है, यह जानकारी वायरल हुए दो ऑडियो से मिली है. वायरल दोनों ऑडियो में उत्पाद विभाग के एक अधिकारी व बुढ़ई के एक सेल्समैन के बीच हो रही बातचीत रिकॉर्ड है. पहले ऑडियो में मोबाइल का रिंग बजता है. रिसीव होते ही आवाज मिलता है कि सर, मैं बुढ़ई शराब दुकान से रोहित बोल रहा हूं.
वह कहता है कि सर आपका कॉल आया था. इधर से अधिकारी जवाब देते हैं कि लग गया था. फिर वे यह कहते हैं कि प्रेम का टेंटियापनी कमा. जवाब आता है कि इधर कोई नहीं आया. अधिकारी फिर कहते हैं कि अभी पेपरवाला को लेकर ऑफिस आया है. जवाब आता है कि ओवररेट अभी बंद कर रहे हैं, नहीं तो दिक्कत हो जायेगी. अधिकारी जवाब दे रहे हैं कि अच्छा ठीक है.
दूसरे वायरल ऑडियो में सेल्समैन कहता है कि यहां ओवररेट पर झमेला कर रहा है. इस पर पूछा जाता है कि कौन हंगामा करता है तो सेल्समैन का जवाब आता है कि पब्लिक हंगामा कर रही है. कहता है कि मीडिया वाला को बुला लेंगे. ऑडियो में पूछा जाता है कि वहां प्रेम भी है क्या. फिर सेल्समैन ही कहता है कि अभी ओवररेट छोड़कर एक-दो दिन रियले में बेचते हैं. फिर इधर से जवाब मिलता है कि आज छोड़ो न पहले. कल का कल देखा जायेगा. ठीक है आधार कार्ड लेकर दो, फालतू में किसी को भी एक बोतल नहीं दो.
लिमिट में बेचो. दोबारा कोई आये तो उसे भी नहीं दो. फिलहाल विभाग भी ऑडियो के बारे में कुछ नहीं कह पा रही है. प्रभात खबर भी इस ऑडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करती है. बावजूद यह चर्चा जोरों पर है कि विभाग के कतिपय अधिकारियों की मिलीभगत से ही अधिक कीमत पर शराब बिक रहा है. वायरल ऑडियो के संबंध में पूछने पर उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार मेहता कहते हैं कि ऐसा कोई ऑडियो उन्हें नहीं मिला है. अगर मिलता है तो उसकी जांच करेंगे. जो भी दोषी होगा, उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी.
